आजमगढ़ : फर्जी क्लिनिक संचालक गिरफ्तार, गलत इलाज से मरीज की हालत बिगाड़ने का आरोप

Youth India Times
By -
0


बिना पंजीकरण हेल्थ केयर सेंटर चलाकर खुद को चिकित्सक बताने का आरोप

पैर काटने की नौबत आने पर दर्ज हुआ था मुकदमा
आजमगढ़। गंभीरपुर थाना पुलिस ने फर्जी क्लिनिक संचालित कर मरीज को झांसे में लेकर गलत तरीके से इलाज करने के आरोप में वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को सोमवार को गोसाई की बाजार से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे चालान कर दिया गया। पुलिस के अनुसार, 18 अक्टूबर 2025 को गंभीरपुर थाना क्षेत्र के मईखरगपुर गांव निवासी सुनील यादव के भाई अजीत यादव शौचालय में गिरकर पैर में गंभीर रूप से चोटिल हो गए थे। परिजन उन्हें इलाज के लिए गोसाई की बाजार स्थित प्रकाश हेल्थ केयर सेंटर लेकर पहुंचे थे। आरोप है कि वहां सत्यप्रकाश ने खुद को चिकित्सक बताकर उनका इलाज शुरू किया। परिजनों का आरोप है कि गलत तरीके से किए गए उपचार के कारण अजीत यादव की हालत और बिगड़ गई तथा वह चलने-फिरने में असमर्थ हो गए। बाद में जानकारी करने पर हेल्थ केयर सेंटर और चिकित्सक के पंजीकरण संबंधी दस्तावेज उपलब्ध नहीं होने की बात सामने आई। उपचार में लापरवाही के कारण पैर काटने की स्थिति उत्पन्न होने का आरोप लगाते हुए सुनील यादव ने गंभीरपुर थाने में तहरीर दी थी। मामले में पुलिस ने मु0अ0सं0 221/2026 के तहत धारा 109(1)/318(4) बीएनएस एवं 34(2) NMC Act में सत्यप्रकाश के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। गिरफ्तारी का विवरण: पुलिस के अनुसार, सोमवार को उपनिरीक्षक अश्वनी कुमार मिश्रा ने हमराह पुलिसकर्मियों के साथ वांछित आरोपी सत्यप्रकाश पुत्र लालता प्रसाद निवासी पन्दहा, थाना मेहनगर को गोसाई की बाजार से करीब 13:15 बजे गिरफ्तार किया। पुलिस टीम में कांस्टेबल अलेक्षेन्द्र प्रताप सिंह और कांस्टेबल पवन कुमार शामिल रहे। आरोपी को न्यायालय में पेश कर चालान कर दिया गया।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)