आजमगढ़ : होम्योपैथिक इंटर्न छात्रों ने उठाई स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग

Youth India Times
By -
0


₹7,500 से बढ़ाकर ₹25 हजार प्रतिमाह करने की मांग, मुख्यमंत्री समेत शासन के अधिकारियों को भेजा पत्र

आजमगढ़। होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज के इंटर्न छात्रों ने अपने स्टाइपेंड में बढ़ोतरी की मांग को लेकर शासन का ध्यान आकर्षित किया है। छात्रों ने मुख्यमंत्री समेत संबंधित अधिकारियों को पत्र भेजकर वर्तमान में मिल रहे ₹7,500 प्रतिमाह स्टाइपेंड को बढ़ाकर ₹25,000 किए जाने की मांग की है। छात्रों ने पत्र में कहा है कि मौजूदा समय में महंगाई लगातार बढ़ रही है, जबकि दैनिक जरूरतों और शैक्षणिक गतिविधियों से जुड़े खर्चों के मुकाबले ₹7,500 का स्टाइपेंड बेहद कम है। इंटर्नशिप के दौरान छात्रों को अस्पताल में नियमित रूप से सेवाएं देने के साथ ओपीडी, आईपीडी, सामुदायिक स्वास्थ्य सेवाओं, रिकॉर्ड कार्य और विभिन्न प्रशिक्षण गतिविधियों में जिम्मेदारियां निभानी पड़ती हैं। छात्रों का कहना है कि इंटर्नशिप अवधि में नियमित अस्पताल सेवा के कारण आने-जाने, भोजन और अन्य आवश्यक खर्चों का बोझ बढ़ जाता है। ऐसे में मौजूदा स्टाइपेंड से आवश्यक जरूरतों को पूरा करना कठिन हो रहा है। पत्र में छात्रों ने कहा है कि प्रदेश के अन्य चिकित्सा एवं संबद्ध संस्थानों में इंटर्न स्टाइपेंड में समय-समय पर वृद्धि की गई है। ऐसे में होम्योपैथिक इंटर्न छात्रों को मिलने वाले स्टाइपेंड की भी समीक्षा कर उचित बढ़ोतरी की जानी चाहिए। छात्रों ने शासन से व्यापक छात्रहित को ध्यान में रखते हुए ₹7,500 के वर्तमान स्टाइपेंड को बढ़ाकर ₹25,000 प्रतिमाह करने की मांग की है। पत्र की प्रतियां राज्यपाल, मुख्यमंत्री, आयुष विभाग और निदेशक समेत संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई हैं। पत्र पर होम्योपैथिक इंटर्न छात्रों ने सामूहिक रूप से हस्ताक्षर किए हैं।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)