ग्रामीणों ने किशोर को पकड़कर पुलिस को सौंपा
रिपोर्ट : अबुल कैश
फरिहा (आजमगढ़)। निजामाबाद थाना क्षेत्र के फरिहा कस्बे में सोमवार को रेलवे फाटक और पुलिस चौकी के सामने एक निजी विद्यालय की छात्रा के साथ कथित तौर पर छेड़खानी का मामला सामने आया। सड़क पर छात्रा के साथ युवक को हरकत करते देख ग्रामीणों ने विरोध किया और उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। जानकारी के अनुसार, निजी विद्यालय में करीब दोपहर 1:30 बजे छुट्टी होने के बाद छात्रा लगभग 50 अन्य छात्राओं के साथ घर जा रही थी। इसी दौरान फरिहा रेलवे फाटक और पुलिस चौकी के सामने एक किशोर ने कथित रूप से छात्रा के साथ बीच सड़क पर छेड़खानी की। ग्रामीणों की नजर पड़ने पर उन्होंने युवक को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। फरिहा चौकी प्रभारी चित्रांशु मिश्रा ने बताया कि किशोर से पूछताछ की जा रही है। पूछताछ में उसने बताया कि वह और छात्रा करीब ढाई वर्ष से एक-दूसरे से बातचीत करते थे और दोनों एक ही स्कूल में पढ़ते थे। किशोर का कहना है कि छात्रा अब किसी दूसरे युवक से बातचीत करती है, इसी बात को लेकर उसने उसके साथ मारपीट की। चौकी प्रभारी के मुताबिक, अभी तक मामले में किसी पक्ष की ओर से लिखित प्रार्थना पत्र नहीं दिया गया है, इसलिए फिलहाल कोई लिखित कार्रवाई नहीं हुई है। प्रार्थना पत्र मिलने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल किशोर और उसकी मोटरसाइकिल पुलिस के कब्जे में हैं।




