आज़मगढ़ : रोडवेज बस में जानबूझकर पिकअप से टक्कर मारने वाला चालक गिरफ्तार

Youth India Times
By -
0






पूछताछ में गुस्से में बस को टक्कर मारने की बात कबूली; आरोपी पर पहले से 10 मुकदमे दर्ज
आजमगढ़। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर रोडवेज बस में पिकअप वाहन से जानबूझकर टक्कर मारने के मामले में पवई पुलिस ने आरोपी चालक संतोष राजभर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, 28 अगस्त की रात किलोमीटर संख्या 191 के पास पिकअप चालक ने तेज गति और लापरवाही से रोडवेज बस को टक्कर मारी थी। टक्कर के बाद बस अनियंत्रित होकर पिलर से जा भिड़ी थी। हादसे में बस चालक रजनीकान्त यादव और एक अज्ञात महिला की मौत हो गई थी, जबकि कई यात्री घायल हुए थे। घटना के संबंध में थाना पवई में मुकदमा अपराध संख्या 207/2026 के तहत धारा 281, 125A, 125B और 105 बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान पिकअप चालक संतोष राजभर पुत्र रामआशीष राजभर, निवासी करीमुद्दीनपुर, जनपद गाजीपुर का नाम सामने आया। पुलिस के मुताबिक, हादसे में घायल होने के बाद आरोपी उपचार के लिए सीएचसी अहरौला पहुंचा, जहां से उसे जिला अस्पताल आजमगढ़ रेफर किया गया। इसके बाद वह पुलिस से बचने के उद्देश्य से गाजीपुर चला गया और वहां एक अस्पताल में भर्ती होकर इलाज कराने लगा। पुलिस की पतारसी और सुरागरसी के बाद उसे बेहतर उपचार के लिए पीजीआई जहानागंज, आजमगढ़ रेफर कराकर भर्ती कराया गया। उपचार के दौरान एक सितंबर की शाम 7:45 बजे पुलिस ने उसे अभिरक्षा में ले लिया। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि रास्ते में रोडवेज बस के चालक, परिचालक और यात्रियों द्वारा उसे कथित रूप से उल्टा-सीधा कहे जाने से वह नाराज था। इसी गुस्से में उसने पिलर संख्या 191 के पास रोडवेज बस को जान से मारने की नीयत से जानबूझकर पिकअप से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद दोनों वाहन अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गए। पुलिस के अनुसार, संतोष राजभर के खिलाफ हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता अधिनियम और गैंगस्टर एक्ट समेत कुल 10 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी का चालान न्यायालय के लिए कर दिया है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक संतोष कुमार यादव, कांस्टेबल राबिन सिंह, कांस्टेबल शैलेन्द्र कुमार और कांस्टेबल पुष्कर सिंह शामिल रहे।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)