आजमगढ़ : अज्ञात वाहन की टक्कर से महिला की मौत

Youth India Times
By -
0

 


बहन के घर से बेटे के साथ बाइक से लौट रही थी महिला, हादसे में बेटा घायल
आजमगढ़। जनपद के मुबारकपुर थाना क्षेत्र के सठियांव के पास सोमवार शाम अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार महिला की मौत हो गई, जबकि उसका बेटा घायल हो गया। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। रौनापार थाना क्षेत्र के अराजी देवारा नैनीजोर कोलवा गांव निवासी फूला देवी (46) पत्नी चंद्रभान सोमवार को अपने 20 वर्षीय बेटे सौरभ के साथ जहानागंज थाना क्षेत्र के बरहतिल गांव स्थित अपनी बहन के घर गई थीं। शाम को मां-बेटा बाइक से अपने घर लौट रहे थे। सठियांव के पास पहुंचते ही उनकी बाइक में अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने घायल मां-बेटे को सठियांव प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने फूला देवी को मृत घोषित कर दिया। सौरभ को मामूली चोटें आई हैं। बताया गया कि फूला देवी के तीन बेटे और एक बेटी हैं। उनके पति चंद्रभान रोजी-रोटी के सिलसिले में विदेश में रहते हैं। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश में जुटी है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)