एक माह पहले मुंबई से आया था घर, मंगलवार को जाने की थी तैयारी
आजमगढ़। जनपद के मुबारकपुर थाना क्षेत्र के बेलहरा गांव में सोमवार रात उस समय सनसनी फैल गई, जब 28 वर्षीय युवक का शव घर के कमरे में पंखे से दुपट्टे के सहारे लटकता मिला। युवक करीब एक माह पहले मुंबई से घर आया था और मंगलवार को वापस मुंबई जाने की तैयारी में था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मुबारकपुर थाना क्षेत्र के बेलहरा गांव निवासी अजीत राजभर (28) मुंबई में जेसीबी चलाने का काम करता था। बारिश के मौसम में काम बंद होने के कारण वह करीब एक माह पहले घर आया था। मंगलवार को उसे वापस मुंबई जाना था और वह इसकी तैयारी कर रहा था। सोमवार रात खाना खाने के बाद अजीत अपने कमरे में चला गया। रात करीब 11 बजे उसकी पत्नी मनीषा कमरे में पहुंची तो पति का शव पंखे से दुपट्टे के सहारे लटकता देखकर उसके होश उड़ गए। पत्नी के शोर मचाने पर उसकी मां बबिता सहित आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने अजीत को फंदे से नीचे उतारा और घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। अजीत का एक बेटा है। घटना के बाद पत्नी मनीषा, मां बबिता समेत परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।



