आजमगढ़ : सेंट जेवियर्स हाई स्कूल में धूमधाम से मनाया गया शिक्षक दिवस

Youth India Times
By -
0



छात्र-छात्राओं ने तिलक एवं पुष्पवर्षा से किया शिक्षकों का स्वागत, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
आजमगढ़। एलवल स्थित जिले के प्रतिष्ठित सेंट जेवियर्स हाई स्कूल में शनिवार को शिक्षक दिवस बड़े ही धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। भारत के पूर्व राष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती के अवसर पर विद्यालय में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। पूरे परिसर में गुरु-शिष्य परंपरा, सम्मान और संस्कार की भावपूर्ण झलक देखने को मिली। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंध निदेशक प्रशांत चंद्रा, आवासीय प्रबंधक प्रद्युम्न जायसवाल एवं अनिरुद्ध जायसवाल, प्रधानाचार्य विनय पाण्डेय, सीएओ साक्षी बिसेन, उप-प्रधानाचार्य संजय कुमार पाण्डेय तथा को-आॅर्डिनेटर धीरेन्द्र भारद्वाज एवं मोना सिंह ने संयुक्त रूप से डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र एवं मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने अपने शिक्षकों का तिलक लगाकर एवं पुष्प अर्पित कर स्वागत किया। इसके बाद सरस्वती वंदना से कार्यक्रम की शुरूआत हुई। विद्यार्थियों ने भाषण, कविता, नाटक, गीत एवं नृत्य सहित विभिन्न मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से शिक्षकों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि शिक्षक उनके जीवन को सही दिशा प्रदान करने के साथ ही उज्ज्वल भविष्य की नींव रखते हैं। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से शिक्षक की भूमिका को भी प्रस्तुत किया। इससे पूरा विद्यालय परिसर उत्साह और उमंग से भर उठा। शिक्षकों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें अनुशासन, परिश्रम और अच्छे संस्कार अपनाने का संदेश दिया। प्रधानाचार्य विनय पाण्डेय ने सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षक केवल ज्ञान प्रदान करने वाला व्यक्ति नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण और राष्ट्र के भविष्य को दिशा देने वाला मार्गदर्शक होता है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने शिक्षकों का सम्मान करने तथा उनके बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया। अंत में प्रधानाचार्य ने विद्यालय परिवार की ओर से सभी छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों का आभार व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)