समर्थकों पर मारपीट और गाली-गलौज का आरोप, थाने में दी तहरीर
भाजपा नेता ने कार्यकर्ताओं के सम्मान को लेकर उठाए सवाल
रिपोर्ट : विशाल कुमार
आजमगढ़। गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र में समाजवादी पार्टी की अंदरूनी सियासत से जुड़ा एक कथित मारपीट का मामला चर्चा में आ गया है। सपा के बूथ अध्यक्ष राहुल यादव ने पार्टी विधायक नफीस अहमद के समर्थकों और अंगरक्षकों पर गाली-गलौज तथा मारपीट करने का गंभीर आरोप लगाया है। मामले को लेकर उन्होंने महराजगंज थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। राहुल यादव ने पुलिस को घटना से संबंधित वीडियो भी उपलब्ध कराया है। बताया जा रहा है कि आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सोशल मीडिया पर सपा के संभावित प्रत्याशियों को लेकर एक सर्वे चल रहा था। राहुल यादव का दावा है कि उन्होंने मौजूदा विधायक नफीस अहमद के बजाय किसी अन्य सपा नेता को अपनी पहली पसंद बताया था। आरोप है कि इसके बाद उन्हें फोन पर कथित रूप से गाली-गलौज की गई। राहुल यादव के मुताबिक, शुक्रवार को वह इसी मामले को लेकर विधायक से आमने-सामने बात करना चाहते थे। इसी दौरान शाम करीब पांच से छह बजे के बीच विधायक नफीस अहमद अपने समर्थकों और अंगरक्षकों के साथ जनसंपर्क के दौरान सैदपुर पहुंचे। राहुल का आरोप है कि उन्होंने विधायक से बातचीत करने की कोशिश की, लेकिन वहां मौजूद समर्थकों और अंगरक्षकों ने उन्हें रोक दिया। आरोप है कि इसी दौरान उनके साथ कथित तौर पर गाली-गलौज की गई और मारपीट भी की गई। राहुल यादव का यह भी दावा है कि घटना के समय विधायक मौके पर मौजूद थे, लेकिन उन्होंने कथित रूप से मामले में हस्तक्षेप नहीं किया। घटना के बाद राहुल यादव शनिवार को महराजगंज थाने पहुंचे और लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। उन्होंने पुलिस को कथित घटना का वीडियो भी उपलब्ध कराया है। हालांकि, लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। पुलिस जांच के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। मामले के सामने आने के बाद राजनीतिक चर्चाएं भी तेज हो गई हैं। भाजपा नेता जयनाथ सिंह ने घटना को निंदनीय बताते हुए कहा कि राजनीतिक कार्यकर्ता किसी भी दल की महत्वपूर्ण ताकत होते हैं और उनके साथ सम्मानजनक व्यवहार होना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि किसी जनप्रतिनिधि या नेता को अपने कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के साथ उचित व्यवहार करना नहीं आता, तो यह गंभीर विषय है।




