आजमगढ़ : प्रतिभा निकेतन इंटर कॉलेज में हर्षोल्लास से मनाया गया शिक्षक दिवस

Youth India Times
By -
0



छात्र-छात्राओं को डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जीवन से प्रेरणा लेने के लिए किया गया प्रेरित
आजमगढ़। एटलस टैंक स्थित प्रतिभा निकेतन इंटर कॉलेज के प्रांगण में शनिवार को शिक्षक दिवस हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। नर्सरी से कक्षा 12 तक के छात्र-छात्राओं ने शिक्षक दिवस के आयोजन में उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर सभी कक्षाओं में कक्षा अध्यापकों ने विद्यार्थियों को शिक्षक दिवस के महत्व की जानकारी दी। शिक्षकों ने विद्यार्थियों को बताया कि प्रत्येक वर्ष 5 सितंबर को भारत के पूर्व राष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती शिक्षक दिवस के रूप में मनाई जाती है। इस दौरान डॉ. राधाकृष्णन के जीवन, उनके व्यक्तित्व और शिक्षा के क्षेत्र में दिए गए योगदान पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को उनके आदर्शों से सीख लेने के लिए प्रेरित किया गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य ध्रुव चंद मौर्य ने कहा कि शिक्षक दिवस मनाने का उद्देश्य पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के आदर्शों और उनके विचारों को अपने जीवन में अपनाना है। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षकों का सम्मान करने और उनके बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों के जीवन को सही दिशा देने के साथ उनके चरित्र एवं भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। विद्यालय के प्रबंधक रमाकांत वर्मा ने सभी कक्षा अध्यापकों एवं विद्यार्थियों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को जीवन में आगे बढ़ने के लिए डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन जैसे महान व्यक्तित्व के जीवन से प्रेरणा लेनी चाहिए। कठिन परिश्रम, अनुशासन और लगन के बल पर विद्यार्थी अपने लक्ष्य को प्राप्त कर अच्छे नागरिक बन सकते हैं। शिक्षक दिवस के अवसर पर विद्यालय में गुरु-शिष्य परंपरा, सम्मान और संस्कार का भाव देखने को मिला। शिक्षकों ने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ जीवन में मेहनत, अनुशासन और अच्छे संस्कारों को अपनाने का संदेश दिया।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)