चोरी के तीन मुकदमों में छह मोबाइल बरामद होने के बाद गैंगस्टर एक्ट में दर्ज हुआ था मुकदमा
आजमगढ़। जनपद के बिलरियागंज थाना पुलिस ने सोमवार को ₹50 हजार के इनामी गैंगस्टर अभियुक्त रब्बानी को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार आरोपी संगठित गिरोह बनाकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। उसे सियरहा अंडरपास से कंधरापुर जाने वाली सड़क पर घेराबंदी कर पकड़ा गया। पुलिस के मुताबिक, रब्बानी पुत्र फिरोज, निवासी अयूब नगर कस्बा बिलरियागंज, की गिरफ्तारी के लिए पहले वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ ने 5 सितंबर को ₹25 हजार का इनाम घोषित किया था। बाद में आजमगढ़ परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक के आदेश पर 16 सितंबर को इनाम की राशि बढ़ाकर ₹50 हजार कर दी गई। पुलिस के अनुसार बिलरियागंज थाने में मोबाइल चोरी के मामले में वर्ष 2024 में मुकदमा संख्या 276/24, 277/24 और 278/24 दर्ज हुए थे। इन मामलों की विवेचना के दौरान आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ कुल छह चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए गए थे। इन मामलों में आरोप पत्र न्यायालय भेजा जा चुका है। आपराधिक गतिविधियों के आधार पर रब्बानी और उसके साथियों के खिलाफ 26 मई 2026 को गैंग चार्ट अनुमोदित हुआ। इसके बाद बिलरियागंज थाने में गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा संख्या 143/26 दर्ज किया गया। पुलिस का कहना है कि सोमवार सुबह जैगहा चौराहा और आसपास संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की चेकिंग के दौरान सूचना मिली कि रब्बानी महाराष्ट्र/मुंबई से वापस आया है और एक्सप्रेस-वे के नीचे से कंधरापुर जाने के लिए वाहन का इंतजार कर रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने सियरहा अंडरपास के पास घेराबंदी की। पुलिस को देखकर आरोपी ने भागने का प्रयास किया, लेकिन उसे पकड़ लिया गया। गिरफ्तारी सुबह करीब 6:46 बजे बताई गई है। पुलिस के अनुसार रब्बानी के खिलाफ चोरी, आबकारी, आयुध अधिनियम और गैंगस्टर एक्ट समेत कुल सात मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी की उम्र करीब 31 वर्ष बताई गई है। पुलिस ने उसके खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।



