फर्जी नियुक्ति पत्र देकर युवक को धमकाया, आरोपी के खिलाफ दर्ज हुआ मुकदमा
आजमगढ़। शिक्षा विभाग में नौकरी दिलाने के नाम पर 32 लाख रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। जहानागंज थाना क्षेत्र के बड़ौरा बुजुर्ग निवासी प्रदीप कुमार की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पीड़ित का आरोप है कि आरोपी ने नौकरी दिलाने का झांसा देकर उससे और उसके चाचा से लाखों रुपये लिए और बाद में फर्जी नियुक्ति पत्र थमा दिया। प्रदीप कुमार के अनुसार, वर्ष 2018 से राजेश यादव निवासी भीलमपुर, थाना महराजगंज ने शिक्षा विभाग में नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाया। इसके बाद बैंक खातों के माध्यम से कई बार में करीब 22 लाख रुपये लिए गए। इसके अलावा 10 लाख रुपये नकद भी दिए गए, जिसकी वीडियो रिकॉर्डिंग पीड़ित के पास होने का दावा किया गया है। आरोप है कि 1 अप्रैल 2018 को प्रदीप कुमार और उनके चाचा सिन्हालाल के नाम डीएवी इंटर कॉलेज में माध्यमिक स्तर पर क्लर्क पद का नियुक्ति पत्र दिया गया। बाद में 18 जुलाई 2024 को सचिव, उच्च शिक्षा निदेशालय, निशातगंज लखनऊ के नाम से एक और नियुक्ति पत्र भेजा गया। जांच कराने पर दोनों नियुक्ति पत्र फर्जी पाए गए। पीड़ित ने जब आरोपी से अपने रुपये वापस मांगे तो कथित तौर पर गाली-गलौज करते हुए जान-माल की धमकी दी गई और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करने का भी आरोप लगाया है। पीड़ित ने बैंक स्टेटमेंट और नियुक्ति पत्र समेत अन्य दस्तावेज पुलिस को उपलब्ध कराए हैं। प्रदीप कुमार ने बताया कि 19 जून 2026 को रजिस्ट्री के माध्यम से पुलिस अधीक्षक को भी शिकायत दी गई थी, लेकिन कार्रवाई न होने पर न्यायालय के समक्ष प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया गया। मामले में अब जहानागंज पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।




