आज़मगढ़ : 17 साल से फरार ₹25 हजार का इनामी आरोपी गिरफ्तार, तमंचा-कारतूस बरामद

Youth India Times
By -
0

पुलिया के पास दबोचा, अपहरण, दुष्कर्म और गैंगेस्टर एक्ट समेत पांच मुकदमों में था वांछित

आजमगढ़। जनपद के तरवां थाना पुलिस ने 17 वर्षों से फरार चल रहे ₹25 हजार के इनामी वांछित अभियुक्त मोनू मिश्रा उर्फ बृजेश मिश्रा को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से .315 बोर का देशी तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया। बरामदगी के आधार पर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत एक और मुकदमा दर्ज किया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में हुई कार्रवाई में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन और क्षेत्राधिकारी लालगंज भूपेश पांडे के पर्यवेक्षण में तरवां पुलिस टीम ने आरोपी को बुधवार सुबह करीब पांच बजे नवरसिया पुलिया के पास ग्राम डुभाव से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ वर्ष 2008 में मारपीट समेत अन्य धाराओं में पहला मुकदमा दर्ज हुआ था। इसके बाद वर्ष 2009 में दो अलग-अलग मामलों में वादी की पुत्रियों को बहला-फुसलाकर भगाकर ले जाने के आरोप में मुकदमे दर्ज किए गए। इनमें एक मामले में दुष्कर्म की धारा भी लगाई गई थी। वर्ष 2010 में उसके खिलाफ गैंगेस्टर एक्ट के तहत भी मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस का कहना है कि मुकदमों के बाद आरोपी लगातार गिरफ्तारी से बचता रहा और वर्ष 2010 से फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ ने 27 नवंबर 2022 को ₹25 हजार का इनाम घोषित किया था। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि गिरफ्तारी से बचने के लिए वह अपना स्थान और नाम बदलकर रह रहा था। काफी समय बीतने के बाद उसे लगा कि पुलिस अब उसकी तलाश नहीं कर रही होगी। इसके बाद वह परिचितों से मिलने और मुकदमों के संबंध में राय-मशविरा करने के लिए वापस आया था, जहां पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ थाना तरवां में कुल पांच मुकदमे दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2008 का मारपीट से संबंधित मुकदमा, वर्ष 2009 के दो अपहरण संबंधी मुकदमे, वर्ष 2010 का गैंगेस्टर एक्ट का मुकदमा और वर्ष 2026 का आर्म्स एक्ट का मुकदमा शामिल है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष राजीव कुमार सिंह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक अजय कुमार सिंह, उपनिरीक्षक अतुल कुमार मिश्रा और कांस्टेबल कमलेश कुमार यादव शामिल रहे।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)