बीवी से ज्यादा नए हसबैंड को इस बात से लगा झटका
संभल। धनारी थाना क्षेत्र के धनारी पट्टी बालूशंकर गांव में शादी के नाम पर ठगी और कथित लुटेरी दुल्हन का मामला सामने आया है। आरोप है कि महिला दलाल ने शादी कराने के नाम पर युवक के पिता से 1.25 लाख रुपये लिए। शादी के महज 15 दिन बाद ही नवविवाहिता घर में रखे सोने-चांदी के जेवर और 25 हजार रुपये नकद लेकर एक व्यक्ति के साथ चली गई। पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित हरपाल ने बताया कि 10 जुलाई को थाना मैनाठेर, मुरादाबाद क्षेत्र के नरोदा गांव निवासी एक महिला उसके घर आई थी। महिला ने बताया कि उसके पास एक लड़की रहती है, जिसके पति की मौत हो चुकी है और उसका सात वर्षीय बेटा भी है। उसने कहा कि वह स्वयं लड़की का कन्यादान और शादी का खर्च उठाएगी, जिसके बदले एक लाख रुपये देने होंगे। हरपाल के अनुसार, उसने महिला को 50 हजार रुपये एडवांस देकर रिश्ता तय कर लिया। इसके बाद 75 हजार रुपये और कपड़े लेकर पंजाब पहुंचा, जहां दो अगस्त को उसके पुत्र गुलशन की राखी नाम की युवती से शादी कराई गई। महिला ने ही कन्यादान भी किया। शादी के बाद गुलशन और उसकी पत्नी को लेकर हरपाल गांव लौट आया। आरोप है कि 17 अगस्त को उसी महिला ने हरपाल को फोन कर कहा कि लड़की के चाचा उसे लेने आ रहे हैं, इसलिए उसे उनके साथ भेज देना। 19 अगस्त को नरोदा निवासी एक व्यक्ति घर पहुंचा और राखी को अपने साथ ले गया। पीड़ित का आरोप है कि घर से जाते समय राखी सोने के कुंडल, मंगलसूत्र का गिट्टा, चांदी की पायल, चांदी के कड़े, चांदी का कमरगुच्छा और भैंस लाने की बात कहकर 25 हजार रुपये नकद भी अपने साथ ले गई। हरपाल ने मामले में पुलिस से जांच कर कार्रवाई की मांग की है।



