यूपी में बदला मौसम का मिजाज, 13 जिलों में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट

Youth India Times
By -
0

25-26 सितंबर को कई इलाकों में तेज बारिश के आसार

52 जिलों में 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं झोंकेदार हवाएं
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज बदल गया है। बृहस्पतिवार को पूर्वांचल और तराई के कई जिलों में बारिश हुई। तेज हवाओं के साथ हुई बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग ने शुक्रवार को बारिश और तेज होने का अनुमान जताया है। मौसम विभाग ने प्रदेश के 13 जिलों में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि 29 जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट है। इसके अलावा प्रदेश के 52 जिलों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। बृहस्पतिवार शाम तक प्रयागराज में 26 मिमी, सुल्तानपुर में 20.8 मिमी, अमेठी में 19.8 मिमी और गोरखपुर में 14.2 मिमी बारिश दर्ज की गई। बाराबंकी, अयोध्या, गाजीपुर, बलिया, सोनभद्र और महराजगंज में भी बारिश हुई। वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अतुल कुमार सिंह के मुताबिक 25 और 26 सितंबर को प्रदेश के कई हिस्सों में अति भारी बारिश हो सकती है। इसका असर 27 सितंबर तक बने रहने की संभावना है। अगले चार दिनों में अधिकतम तापमान में करीब चार डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है। इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट: बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, फतेहपुर, प्रतापगढ़, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर और अयोध्या व आसपास के क्षेत्र। भारी बारिश का येलो अलर्ट: प्रयागराज, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महराजगंज, सिद्धार्थनगर, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, लखनऊ, अंबेडकर नगर, हमीरपुर, महोबा और आसपास के क्षेत्र शामिल हैं।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)