देशभक्ति प्रस्तुतियों के बीच मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, चेयरमैन शाह आलम ने विद्यार्थियों को बड़े सपने देखने और निरंतर मेहनत करने के लिए किया प्रेरित
आजमगढ़। कोटिला चेकपोस्ट स्थित आजमगढ़ पब्लिक स्कूल के विशाल प्रांगण में देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर स्वतंत्रता दिवस समारोह एवं उपलब्धि दिवस का भव्य आयोजन किया गया। राष्ट्रभक्ति, सांस्कृतिक विविधता, अनुशासन और विद्यार्थियों की शानदार उपलब्धियों से सजे समारोह ने विद्यालय परिवार में उत्साह और गौरव का वातावरण बना दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ स्काउट्स एवं गाइड्स द्वारा अतिथियों के स्वागत और एस्कॉर्ट के साथ हुआ। विद्यालय के संस्थापक/चेयरमैन शाह आलम (गुड्डू जमाली), प्रबंधक सीए मोहम्मद नोमान, प्रधानाचार्या रूपल पंड्या, उपप्रधानाचार्या, गणमान्य अतिथियों, अभिभावकों एवं शिक्षकगण की उपस्थिति में ध्वजारोहण किया गया। इसके बाद राष्ट्रगान हुआ। स्काउट्स एवं गाइड्स ने आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों ने ‘हर घर तिरंगा’ की शपथ लेकर राष्ट्रध्वज के सम्मान और देश के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का संकल्प लिया। प्रधानाचार्या रूपल पंड्या ने अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि यह समारोह स्वतंत्रता की भावना और विद्यार्थियों की उपलब्धियों का सुंदर संगम है। उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को नमन करते हुए विद्यार्थियों की मेहनत और प्रतिभा को भी सराहा। समारोह में विद्यार्थियों ने समूह गीत, कॉस्ट्यूम परेड, भाषण, नृत्य, उर्दू नज्म, योग, एकल गीत सहित विभिन्न देशभक्ति कार्यक्रम प्रस्तुत किए। ‘विकसित भारत 2047’ और ‘संघर्ष से स्वतंत्रता’ जैसे नाटकों के माध्यम से विद्यार्थियों ने स्वतंत्रता संग्राम और देश के उज्ज्वल भविष्य की कल्पना को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। समूह गीत, देशभक्ति नृत्य और पिरामिड प्रदर्शन ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण ‘अचीवर्स डे’ रहा। इसमें बोर्ड टॉपर्स, 95 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों, NEET में सफलता हासिल कर सरकारी मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश पाने वाले छात्र-छात्राओं तथा विश्वविद्यालय स्तर पर राज्यपाल द्वारा सम्मानित गोल्ड मेडलिस्ट विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। विद्यार्थियों की सफलता में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले शिक्षकों को भी ‘टोकन ऑफ एप्रिसिएशन’ प्रदान किया गया। इस दौरान विद्यालय की NEET उपलब्धियों को विशेष रूप से रेखांकित किया गया। प्रधानाचार्या ने बताया कि APS Residential Academy ने महज तीन वर्षों की यात्रा में NEET के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने इसे विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों की समर्पित टीम और अभिभावकों के विश्वास का परिणाम बताया। प्रबंधक सीए मोहम्मद नोमान ने कहा कि स्वतंत्रता केवल अधिकारों का नाम नहीं, बल्कि अपने कर्तव्यों को ईमानदारी, निष्ठा और जिम्मेदारी से निभाने का संकल्प भी है। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, मेहनत, नैतिक मूल्यों और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी को जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने APS Residential Academy की तीन वर्षों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि यहां से निकलने वाले विद्यार्थी जिले और प्रदेश का नाम देश-विदेश में रोशन कर रहे हैं। संस्थापक/चेयरमैन शाह आलम (गुड्डू जमाली) ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने विद्यालय की उपलब्धियों, विकास यात्रा और भविष्य की योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों से बड़े सपने देखने, निरंतर सीखने और कड़ी मेहनत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा समाज और राष्ट्र के विकास की आधारशिला है। विद्यार्थियों को ज्ञान, अनुशासन और मानवीय मूल्यों के साथ आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने भविष्य की समाजसेवा से जुड़ी योजनाओं एवं संकल्पों को भी साझा किया तथा विद्यालय के कर्मचारियों के परिश्रम, निष्ठा और समर्पण की सराहना की। अंत में मिष्ठान वितरण के साथ समारोह का समापन हुआ। पूरा विद्यालय परिसर देशभक्ति के नारों और राष्ट्रप्रेम की भावना से गूंज उठा। स्वतंत्रता दिवस एवं उपलब्धि दिवस का यह आयोजन विद्यार्थियों को राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी, निरंतर मेहनत, अनुशासन और उत्कृष्टता की ओर आगे बढ़ने का प्रेरणादायी संदेश दे गया।









