आजमगढ़ : बालिका की सर्पदंश से हुई मौत

Youth India Times
By -
0

घर में सोते समय बनाया शिकार, परिवार में छाया मातम
आजमगढ़। जनपद के अतरौलिया थाना क्षेत्र के मठिया जप्ती माफी गांव में सोमवार रात घर में सो रही 12 वर्षीय बालिका की सर्पदंश से मौत हो गई। घटना से परिवार में मातम छा गया है, जबकि पूरे गांव में शोक का माहौल है। गांव निवासी चंदन कुमार की 12 वर्षीय पुत्री राजनंदनी सोमवार रात अपनी मां सुनीता और छोटी बहन श्रेयांशी के साथ घर में बेड पर सो रही थी। मंगलवार तड़के करीब चार बजे वह अचानक बेड से नीचे गिर गई। मां ने उसकी तबीयत बिगड़ने की आशंका पर पड़ोसियों को बुलाया। मौके पर पहुंचे लोगों ने बालिका के दाहिने पैर में सर्पदंश जैसे निशान देखे, जिसके बाद उसे तत्काल अंबेडकरनगर जनपद के बसखारी स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पड़ोसी बबलू कनौजिया के अनुसार चिकित्सकों ने सर्पदंश के कारण मौत होने की पुष्टि की। राजनंदनी पूर्व माध्यमिक विद्यालय उपटापार बांसगांव में कक्षा छह की छात्रा थी। उसके पिता चंदन कुमार जयपुर में प्लास्टर ऑफ पेरिस का कार्य कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। आर्थिक रूप से कमजोर परिवार पर इस घटना से दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मासूम बेटी की असमय मौत से मां सुनीता समेत पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोग भी शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाने में जुटे हैं। थानाध्यक्ष देवेंद्र नाथ दुबे ने बताया कि घटना की सूचना मिली है। अभी परिजनों की ओर से कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। मामले की जानकारी कराई जा रही है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)