पीड़िता का आरोप—थाने में शिकायत के बावजूद नहीं हुई कार्रवाई, न्यायालय के निर्देश पर पुलिस ने शुरू की जांच
रिपोर्ट : अबुल कैश
आजमगढ़। जनपद के निजामाबाद थाना क्षेत्र के फरिहा गांव की एक युवती की शिकायत पर पुलिस ने कोर्ट के आदेश के बाद सात लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। मामले में एफआईआर संख्या 0194/2026 दिनांक 1 अगस्त 2026 को दर्ज की गई है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पीड़िता का आरोप है कि गांव का एक युवक लंबे समय से उसके साथ छेड़खानी और अभद्र व्यवहार करता था। शिकायत के अनुसार, 17 मई 2026 को आरोपी ने फिर उसके साथ अशोभनीय हरकत की। जब युवती ने इसकी जानकारी आरोपी के परिजनों को दी तो विवाद बढ़ गया और उसे मुंह खोलने पर जान से मारने की लगातार धमकियां दी जाने लगीं। पीड़िता का कहना है कि उसने घटना के संबंध में स्थानीय थाने में लिखित शिकायत भी दी थी, लेकिन आरोपियों के खिलाफ कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। इसके बाद उसने न्यायालय की शरण ली। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया। एफआईआर में परवेज आलम, मुरसलीन, सारिक, अफसाना, शिफा बानो, रहमत बानो और शुबा बानो को नामजद किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष विवेचना की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, आरोपों की पुष्टि जांच और न्यायालय की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही होगी।



