नवनिर्वाचित छात्र-छात्राओं ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली, आदर्श सिंह बने हेड बॉय और अवनी मौर्य हेड गर्ल
आजमगढ़। जिले के अग्रणी शिक्षण संस्थान सेंट जेवियर्स हाई स्कूल, समेदा में गुरुवार को नवनिर्वाचित छात्र परिषद के लिए पद एवं गोपनीयता शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंधक प्रशांत चंद्रा, आवासीय प्रबंधक अनिरुद्ध जायसवाल, प्रधानाचार्य विनंजय शर्मा, उपप्रधानाचार्या संगीता राय तथा समन्वयक कुनाल गुप्ता ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। विद्यालय की छात्र परिषद में आदर्श सिंह को हेड बॉय तथा अवनी मौर्य को हेड गर्ल चुना गया। वहीं आर्यमन राय उप हेड बॉय और दीपिका पांडे उप हेड गर्ल बनीं। इसके अलावा विभिन्न दायित्वों के लिए अमन यादव, रूमैसा सिद्दीकी, जोया, सुकन्या मद्धेशिया, स्कन्द सिंह, अदिति सिंह, कृतिका सिंह, अंशिका सिंह, श्रेया कुमारी, आंशी सिंह, इशिका, अंशुमान सिंह, वंश सिंह, तृप्ति द्विवेदी, आस्था चतुवेर्दी और सृष्टि सिंह सहित अनेक विद्यार्थियों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं। चारों हाउसों के हाउस प्रीफेक्ट, कैप्टन और वाइस कैप्टन भी घोषित किए गए। समारोह के दौरान प्रधानाचार्य विनंजय शर्मा ने सभी नवनिर्वाचित छात्र-छात्राओं को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि अनुशासन सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है और जो विद्यार्थी अनुशासन का पालन करते हैं, वे जीवन में निश्चित रूप से ऊंचाइयों को प्राप्त करते हैं। विद्यालय के प्रबंधक प्रशांत चंद्रा ने नवनिर्वाचित छात्र परिषद के सभी सदस्यों को नई जिम्मेदारियों के लिए बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। समारोह में शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों की उपस्थिति रही।

