भाजपा जिलाध्यक्ष समेत तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज

Youth India Times
By -
0



जान से मारने की धमकी का आरोप, पुलिस एफआर लगाने की तैयारी में

मऊ। हलधरपुर थाना क्षेत्र के रतनपुरा निवासी अजीत सिंह की तहरीर और सीजेएम कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने भाजपा जिलाध्यक्ष रामाश्रय मौर्या समेत तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई की है। अजीत सिंह ने आरोप लगाया है कि सात जुलाई को भाजपा जिलाध्यक्ष ने उनके साथ गालीगलौज, मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस के मुताबिक जांच में मारपीट और धमकी से संबंधित कोई साक्ष्य नहीं मिला है। ऐसे में मामले में एफआर लगाने की कार्रवाई की जा रही है। अजीत सिंह का आरोप है कि उनकी रामाश्रय मौर्या से प्रधानी चुनाव को लेकर पुरानी रंजिश है। उन्होंने आरोप लगाया कि रामाश्रय मौर्या अपने पद का प्रभाव इस्तेमाल करते हुए उनके मसाला कुटीर उद्योग की बार-बार जांच कराते रहे हैं। सात जुलाई की सुबह रामाश्रय मौर्या तीन अन्य लोगों के साथ उनके घर के सामने पहुंचे। शिकायतें कराने का कारण पूछने पर विवाद बढ़ गया। तहरीर के अनुसार, रामाश्रय मौर्या ने गालीगलौज करते हुए उन्हें मारने के लिए दौड़ाया। अजीत सिंह घर के अंदर भागे तो आरोप है कि आरोपी घर में घुस गए और उनके साथ मुक्का-थप्पड़ से मारपीट की, जिससे उनकी शर्ट फट गई। खुशबू सिंह, इंद्रकुमार सिंह और अर्जुन सिंह ने बीच-बचाव किया। अजीत सिंह ने आरोप लगाया कि जाते समय उन्हें जान से मरवाने और परिवार को फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी दी गई। अजीत सिंह ने यह भी आरोप लगाया कि रामाश्रय मौर्या के प्रभाव के चलते उनके खिलाफ हलधरपुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया। यह मामला मुअसं-142/2026 के तहत धारा 352, 351(3) बीएनएस और 67 सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम में दर्ज है। अजीत सिंह ने इसे फर्जी बताते हुए कोर्ट से एफआईआर दर्ज करने का आदेश देने की मांग की थी। उधर, एएसपी अनुप कुमार ने बताया कि मामला संज्ञान में है। जांच के दौरान मारपीट या धमकी का कोई साक्ष्य नहीं मिला है। ऐसे में मामले में एफआर लगाकर पुलिस अग्रिम कार्रवाई कर रही है। वहीं भाजपा जिलाध्यक्ष रामाश्रय मौर्या ने आरोपों को झूठा बताते हुए कहा कि उन्हें गलत तरीके से मुकदमे में फंसाया गया है। उन्होंने कहा कि वह इस मामले में मानहानि का दावा करने के साथ ही झूठा मुकदमा दर्ज कराने के संबंध में भी प्राथमिकी दर्ज कराएंगे।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)