चार घंटे बाद बाहर निकले तो गायब मिली मोटरसाइकिल, अज्ञात चोरों के खिलाफ केस दर्ज
आजमगढ़। जनपद के थाना मुबारकपुर क्षेत्र के कुकुड़ीपुर सठियांव स्थित क्रासवेली आईटीआई से एक शिक्षक की मोटरसाइकिल चोरी हो गई। पीड़ित शिक्षक की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जीयनपुर क्षेत्र के हाफिजपुर निवासी संतोष कुमार यादव क्रासवेली आईटीआई कुकुड़ीपुर सठियांव में अध्यापक हैं। उन्होंने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 18 अगस्त को करीब 10 बजे वह अपनी मोटर साइकिल विद्यालय के बाहर खड़ी कर अंदर चले गए। करीब दोपहर दो बजे जब वह बाहर आए तो मोटरसाइकिल मौके से गायब थी। काफी खोजबीन के बाद भी मोटरसाइकिल का पता नहीं चला। पीड़ित ने आशंका जताई कि अज्ञात चोर मोटरसाइकिल चोरी कर ले गए। मामले में पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।









