आजमगढ़ : सरकारी स्कूल में योगा टीचर की नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाला गिरोह का सरगना गिरफ्तार

Youth India Times
By -
0

17 फर्जी नियुक्ति पत्र व कूटरचित दस्तावेज बरामद, प्रति अभ्यर्थी ₹1.35 लाख लेकर देता था फर्जी जॉइनिंग लेटर

आजमगढ़। मुबारकपुर थाना पुलिस ने सरकारी स्कूल एवं एनजीओ में योगा टीचर की नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह के सरगना को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 17 फर्जी नियुक्ति पत्र तथा अन्य कूटरचित दस्तावेज बरामद किए हैं। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत शनिवार को चौकी प्रभारी कस्बा उपनिरीक्षक धर्मेंद्र शर्मा ने पुलिस टीम के साथ सूचना के आधार पर रोडवेज तिराहे से वांछित आरोपी रितेश वर्मा (40) पुत्र स्वर्गीय ओम प्रकाश वर्मा, निवासी पुरानी बस्ती, थाना मुबारकपुर को गिरफ्तार किया। बताया गया कि एक दिन पूर्व सुजाता जायसवाल पत्नी अंकित कुमार जायसवाल निवासी पुरानी बस्ती, मुबारकपुर ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि रितेश वर्मा, संदीप गुप्ता और उनके साथियों ने सरकारी स्कूल व एनजीओ में योगा टीचर की नौकरी दिलाने का झांसा देकर प्रति अभ्यर्थी 1.35 लाख रुपये वसूले और 'मैक्स आइडिया' (Max Idea) के नाम से फर्जी नियुक्ति पत्र देकर कई लोगों के साथ धोखाधड़ी की। इस मामले में थाना मुबारकपुर में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी। पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर नौकरी दिलाने के नाम पर रुपये लेकर फर्जी नियुक्ति पत्र तैयार करता था और लोगों को सौंपकर ठगी करता था। पुलिस के अनुसार गिरोह द्वारा इस तरह की कई अन्य घटनाओं को अंजाम दिए जाने की जानकारी भी मिली है। मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है तथा अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)