प्रार्थना पत्रों और पीड़ितों की शिकायतों का समय से निस्तारण न करने समेत कार्य में रुचि नहीं लेने के आरोप
आजमगढ़। जनपद के थाना गंभीरपुर में तैनात उप निरीक्षक ना.पु. संजय सिंह को पदीय दायित्वों के निर्वहन में घोर लापरवाही और अनुशासनहीनता के आरोप में निलंबित कर दिया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने 21 अगस्त को उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए नियमानुसार विभागीय कार्यवाही शुरू किए जाने के आदेश दिए हैं। पुलिस के अनुसार, उप निरीक्षक संजय सिंह के खिलाफ थाना स्तर पर प्राप्त होने वाले प्रार्थना पत्रों का निर्धारित समयावधि में निस्तारण नहीं करने और पीड़ितों की शिकायतों पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं करने की शिकायतें सामने आई थीं। इसके अलावा उन पर कार्य सरकार में रुचि नहीं लेने तथा अपने पदीय दायित्वों और कर्तव्यों के प्रति लापरवाही बरतने के आरोप प्रथम दृष्टया पाए गए।एसएसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए उप निरीक्षक को निलंबित कर दिया। पुलिस विभाग की ओर से स्पष्ट किया गया है कि कर्तव्य निर्वहन में लापरवाही, अनुशासनहीनता, स्वेच्छाचारिता अथवा अकर्मण्यता किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। एसएसपी ने जनपद के सभी पुलिसकर्मियों को अपने दायित्वों का निष्ठा, ईमानदारी, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने चेतावनी दी है कि भविष्य में इस प्रकार की लापरवाही सामने आने पर संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ नियमानुसार कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।









