मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने की बात सामने आई
नदी में छलांग लगाने वाली महिला को ग्रामीणों ने बचाया
आजमगढ़। जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के रामपुर गांव में सोमवार तड़के एक दर्दनाक घटना ने सभी को झकझोर दिया। 22 वर्षीय विवाहिता सीमा यादव अपने तीन माह के बेटे प्रत्यांश को गोद में लेकर तमसा नदी में कूद गई। नदी में डूबने से मासूम की मौत हो गई, जबकि करीब तीन किलोमीटर दूर पनशब्दा गांव के पास ग्रामीणों ने महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया गया कि सोमवार सुबह करीब 4:30 बजे सीमा अपने मासूम बेटे के साथ घर से निकली थी। कुछ देर बाद उसने तमसा नदी में छलांग लगा दी। महिला और बच्चे को नदी में डूबता देख ग्रामीणों ने तत्काल तलाश शुरू की। काफी प्रयास के बाद पनशब्दा गांव के पास महिला को नदी से बाहर निकाल लिया गया, लेकिन बच्चे को नहीं बचाया जा सका। परिजनों के मुताबिक सीमा की शादी करीब दो वर्ष पहले ऐनपुर गांव निवासी अमरनाथ यादव से हुई थी। वह पिछले करीब दो माह से अपने मायके रामपुर में रह रही थी। पिता नरसिंह यादव ने बताया कि लगभग तीन माह पहले सीमा को मस्तिष्क ज्वर हुआ था। बीमारी के बाद से उसकी मानसिक स्थिति सामान्य नहीं थी। परिजनों ने आशंका जताई कि इसी वजह से उसने यह कदम उठाया। घटना की सूचना पर जीयनपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने मासूम के शव का पोस्टमार्टम कराने की प्रक्रिया शुरू की, लेकिन दोनों पक्षों के परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। सहमति के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया, जिसके बाद अंतिम संस्कार कर दिया गया। कोतवाली प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।









