सियरहां गांव के पास हुई दुर्घटनाग्रस्त, घायलों का जिला अस्पताल में उपचार जारी
आजमगढ़। जनपद के बिलरियागंज थाना क्षेत्र अंतर्गत श्रीनगर (सियरहां) गांव के पास सोमवार की सुबह करीब 5 बजे एक तेज रफ्तार स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। हादसे में कार सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर डायल-112 पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची तथा घायलों को तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्विफ्ट कार बिलरियागंज से आजमगढ़ की ओर जा रही थी। श्रीनगर (सियरहां) गांव के समीप चालक का वाहन से नियंत्रण अचानक बिगड़ गया, जिससे कार सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना में कार सवार अरुण जायसवाल, पूनम जायसवाल और संध्या जायसवाल, निवासी बिलरियागंज, गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची एंबुलेंस की सहायता से तीनों घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल, आजमगढ़ भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर दुर्घटना का कारण वाहन का अनियंत्रित होना बताया जा रहा है।



