कांवड़ यात्रा से लौटते समय हुआ हादसा, गांव में पसरा मातम
आजमगढ़। जनपद के देवगांव कोतवाली क्षेत्र के परसौरा गांव के एक युवक की कांवड़ यात्रा से वापस लौटते समय सड़क हादसे में मौत हो गई। दुर्घटना में उसका साथी भी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की जानकारी मिलते ही मृतक के परिवार में चीख-पुकार मच गई, वहीं गांव में भी शोक का माहौल है। परसौरा गांव से करीब 50 युवक रविवार को कांवड़ यात्रा के लिए निकले थे। पवित्र जल लेकर सभी वापस लौट रहे थे। इसी दौरान रविवार की देर रात करीब 12:45 बजे वाराणसी जिले में एक टोल प्लाजा के पास विपरीत दिशा से आ रही बाइक ने कांवड़ियों को टक्कर मार दी। हादसे में परसौरा निवासी संदीप गुप्ता पुत्र गुलाब गुप्ता और राकेश पुत्र सहंगी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद साथ चल रहे कांवड़ियों ने दोनों घायलों को तत्काल लालगंज अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने संदीप गुप्ता को मृत घोषित कर दिया, जबकि राकेश का उपचार चल रहा है। उसकी हालत पर चिकित्सकों की निगरानी बनी हुई है। संदीप के शव को पोस्टमार्टम के लिए वाराणसी भेज दिया गया। सोमवार सुबह हादसे की खबर जैसे ही परसौरा गांव पहुंची, वहां मातम छा गया। संदीप की मौत की खबर सुनकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीण भी घटना से स्तब्ध हैं और परिवार को ढांढस बंधाने के लिए उनके घर पहुंच रहे हैं।Post a Comment
0Comments




