छात्र-छात्राओं ने प्रस्तुत किए देशभक्ति गीत, नृत्य, भाषण और सांस्कृतिक कार्यक्रम; स्काउट गाइड के तहत किया मार्च पास्ट
आजमगढ़। सीपीएस ग्रुप ऑफ स्कूल्स के विभिन्न विद्यालयों में शनिवार को 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन “युवा शक्ति फॉर विकसित भारत@2047” की थीम पर किया गया। सेन्ट्रल पब्लिक स्कूल जाफरपुर, सेन्ट्रल पब्लिक स्कूल मुबारकपुर, सेन्ट्रल फरिहा आजमगढ़ एवं सेन्ट्रल पब्लिक स्कूल भिवंडी, महाराष्ट्र के छात्र-छात्राओं ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर देशभक्ति का संदेश दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंधक जनाब नवाज अहमद खान ने ध्वजारोहण कर किया। इस अवसर पर चेयरपर्सन मोहतरमा तरन्नुम खानम, प्रधानाचार्या रेखा सिंह, शिक्षक-शिक्षिकाएं, शिक्षणेत्तर कर्मचारी तथा छात्र-छात्राओं ने राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी और राष्ट्रगान का सामूहिक गायन किया। प्रबंधक नवाज अहमद खान एवं प्रधानाचार्या रेखा सिंह ने विद्यालय परिवार को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। इसके बाद विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। नन्हे-मुन्ने बच्चों ने ‘सारे जहां से अच्छा’ पर देशभक्ति नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। इसके बाद ‘ये देश है वीर जवानों का’, ‘न झुका है, न झुकने देंगे’, ‘जय हो’, ‘घर कब आओगे’, ‘तेरा हिमालय आकाश छू ले’, ‘मां भारती की स्वर्णिम’, ‘ऐ वतन, मेरे वतन’ सहित विभिन्न देशभक्ति गीतों एवं नृत्यों की प्रस्तुतियां दी गईं। कार्यक्रम में हिंदी भाषण, अंग्रेजी भाषण, ‘रोल मॉडल ऑफ फ्रीडम फाइटर्स’, भरतनाट्यम सहित कई अन्य प्रस्तुतियां भी हुईं। विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों को भाव-विभोर कर दिया। कार्यक्रम के अंत में ‘हमारे देश में हिन्दू-मुसलमान साथ रहते हैं’ विषय पर गजल प्रस्तुत की गई, जिसने आपसी भाईचारे और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। कार्यक्रम के समापन पर छात्र-छात्राओं ने स्काउट गाइड के तहत मार्च पास्ट किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर देशभक्ति के रंग में सराबोर रहा और विद्यार्थियों में स्वतंत्रता दिवस को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।









