एक छात्रा हुई घायल; चालक पुलिस हिरासत में
आज़मगढ़। जनपद के मुबारकपुर कस्बे के मिल्लत नगर में गुरुवार दोपहर तेज रफ्तार अनियंत्रित ई-रिक्शा पलटने से दर्दनाक हादसा हो गया। ई-रिक्शा की चपेट में आने से पैदल जा रही 14 वर्षीय छात्रा की मौत हो गई, जबकि उसकी सहेली घायल हो गई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने ई-रिक्शा चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर छात्रा के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका की पहचान पूरा रानी मोहल्ला निवासी इरफान की 14 वर्षीय पुत्री खदीजा के रूप में हुई। वह कस्बे के एक गर्ल्स इंटर कॉलेज में कक्षा आठ की छात्रा थी। खदीजा एक भाई और पांच बहनों में दूसरे नंबर पर थी। उसके पिता रोजी-रोटी के सिलसिले में विदेश में रहते हैं। बताया गया कि गुरुवार दोपहर खदीजा अपनी सहेली 14 वर्षीय नूराशा पुत्री मुमताज और अन्य छात्राओं के साथ पैदल मिल्लत नगर स्थित अपनी सहेली के घर जा रही थी। इसी दौरान पीछे से तेज गति से आ रहा ई-रिक्शा अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया और छात्राओं के ऊपर जा गिरा। हादसे में खदीजा ई-रिक्शा के नीचे दब गई और उसके सिर में गंभीर चोट लग गई। वहीं नूराशा भी घायल हो गई। आसपास मौजूद लोगों ने दोनों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। चिकित्सकों ने खदीजा की गंभीर हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन उसे निजी वाहन से मंडलीय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। थानाध्यक्ष शशि चंद चौधरी ने बताया कि ई-रिक्शा चालक सहित वाहन को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।







