अनन्या यादव ने कला वर्ग में प्रदेश की बालिका मेरिट में दूसरा स्थान, अंजलि यादव गृह विज्ञान में चयनित होकर बनीं युवाओं की प्रेरणा
रिपोर्ट-आरपी सिंह
फूलपुर-आजमगढ़। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन प्रक्रिया में आजमगढ़ की दो प्रतिभाशाली बेटियों ने शानदार सफलता हासिल कर जिले का गौरव बढ़ाया है। फूलपुर तहसील क्षेत्र की कासिमपुर (अंबारी) निवासी अनन्या यादव का टीजीटी (कला) तथा मिजार्पुर ब्लॉक के जगदीशपुर गांव निवासी अंजलि यादव का टीजीटी (गृह विज्ञान) पद पर चयन हुआ है। दोनों की उपलब्धि से परिवार, शिक्षकों और क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है। कासिमपुर, अंबारी निवासी अवधनारायण यादव की पुत्री एवं राजाराम यादव (पुजारी) की पौत्री अनन्या यादव ने अपनी सफलता को और भी विशेष बनाते हुए टीजीटी (कला) में बालिका वर्ग की प्रदेश स्तरीय मेरिट में दूसरा स्थान प्राप्त किया है। माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा परिणाम घोषित होने के बाद क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। ग्रामीणों और शुभचिंतकों ने अनन्या की मेहनत, लगन और अनुशासन की सराहना करते हुए कहा कि उनकी सफलता क्षेत्र की बेटियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए प्रेरणादायक है। वहीं, मिजार्पुर ब्लॉक के जगदीशपुर गांव निवासी सूबेदार यादव एवं शालिनी यादव की पुत्री अंजलि यादव ने टीजीटी (गृह विज्ञान) में चयनित होकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। अंजलि ने वर्ष 2024 में गया प्रसाद स्मारक राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय, अंबारी से गृह विज्ञान विषय में परास्नातक की उपाधि प्राप्त की थी। अध्ययन के दौरान उनकी मेहनत और अनुशासन की शिक्षकों ने हमेशा सराहना की। टीजीटी गृह विज्ञान चयन प्रक्रिया में अंजलि यादव ने बालक वर्ग की मेरिट में 30वां स्थान प्राप्त किया है, जो उनकी उत्कृष्ट तैयारी और प्रतिभा का परिचायक है। उनकी इस सफलता पर परिजनों, शिक्षकों, मित्रों और क्षेत्रवासियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। दोनों प्रतिभाशाली बेटियों की सफलता से पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। लोगों का कहना है कि अनन्या और अंजलि ने यह साबित कर दिया है कि दृढ़ संकल्प, कठिन परिश्रम और निरंतर प्रयास से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। उनकी उपलब्धि जिले की अन्य छात्राओं और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।

