आजमगढ़ : पत्नी ने जीवित पति को 50वीं बरसी पर अर्पित की श्रद्धांजलि

Youth India Times
By -
0


जनकल्याण और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा का संकल्प दोहराया गया
आजमगढ़। मृतक संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष लाल बिहारी मृतक (दागी) के नेतृत्व में गुरुवार को महामहिम राष्ट्रपति के नाम जिलाधिकारी के माध्यम से छह सूत्रीय मांगपत्र सौंपा गया। यह मांगपत्र 30 जुलाई को आयोजित लाल बिहारी मृतक (दागी) की 50वीं बरसी के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित उनकी पत्नी कर्मी देवी ने उनकी जीवित आत्मा की शांति के लिए श्रद्धांजलि अर्पित की तथा जनकल्याण और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा का संकल्प दोहराया गया। मांगपत्र में कहा गया है कि मृतक संघ पिछले कई दशकों से न्याय, मानवाधिकार, संवैधानिक मूल्यों तथा भ्रष्टाचार के विरुद्ध जन-जागरण अभियान चला रहा है। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि कई मामलों में जीवित व्यक्तियों को सरकारी अभिलेखों में मृत घोषित कर उनकी भूमि और संपत्ति पर अवैध कब्जा करने, सरकारी रिकॉर्ड एवं न्यायालयीय फाइलें गायब करने तथा पीड़ितों को न्याय से वंचित करने जैसी शिकायतें सामने आती रही हैं। संगठन ने इसे संविधान और विधि के शासन के विपरीत बताया। राष्ट्रपति को भेजे गए ज्ञापन में छह प्रमुख मांगें रखी गई हैं। इनमें जिला मुख्यालयों एवं विधानसभा के निकट स्थायी धरना-स्थल विकसित करने, पत्रकारों एवं छायाकारों की सुरक्षा के साथ 20 लाख रुपये तक का जीवन बीमा और सरकारी चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने, जीवित को मृत घोषित करने एवं भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों का एक माह के भीतर त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने, तहसील, चकबंदी एवं कलेक्ट्रेट से संबंधित वादों का पूर्ण डिजिटलीकरण, वर्ष 1976 एवं 1994 के जीवित-मृतक प्रकरणों की सीबीआई या स्वतंत्र एजेंसी से जांच कराने तथा जनप्रतिनिधियों के कार्यकाल समाप्त होने के बाद मिलने वाली पेंशन एवं अन्य सुविधाओं को समाप्त करने जैसी मांगें शामिल हैं। मृतक संघ ने राष्ट्रपति से जनहित और सामाजिक न्याय की भावना के अनुरूप इन मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)