आजमगढ़ : वृद्धाश्रम में मनाया जुड़वां बच्चियों का जन्मदिन, कराया भोजन, वस्त्र का किया वितरण

Youth India Times
By -
0


समाज के जरूरतमंद एवं बुजुर्ग लोगों की सेवा करना प्रत्येक व्यक्ति का नैतिक दायित्व-विशाल ओझा
आजमगढ़। जन्मदिन को केवल उत्सव तक सीमित न रखते हुए उसे सामाजिक सेवा से जोड़ने की एक प्रेरणादायक पहल गुरुवार को देखने को मिली। मनोज कुमार ओझा के छोटे भाई धमेन्द्र ओझा, प्रीती ओझा की जुड़वा बच्चियां अदिति और इशिका के दूसरे जन्मदिन के शुभ अवसर पर अंबरपुर, फरिहा स्थित ओल्ड एज होम में 87 बुजुर्गों को भोजन एवं वस्त्र वितरित किए गए। सुबह 11 बजे शुरू हुआ यह सेवा कार्यक्रम दोपहर करीब तीन बजे तक चला, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर बुजुर्गों की सेवा की। कार्यक्रम का आयोजन भाजपा मंडल मंत्री अजमतगढ़ विशाल ओझा के नेतृत्व में किया गया। इस दौरान वृद्धाश्रम में रह रहे बुजुर्गों को सम्मानपूर्वक भोजन कराया गया और उन्हें वस्त्र भी भेंट किए गए। आयोजन का उद्देश्य समाज के वरिष्ठ नागरिकों के प्रति सम्मान व्यक्त करना और उन्हें अपनापन का एहसास कराना था। आयोजक विशाल ओझा ने कहा कि जन्मदिन जैसे शुभ अवसर को समाज सेवा के माध्यम से मनाना सबसे बड़ी खुशी है। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों के चेहरों पर मुस्कान लाने का अवसर मिलना अत्यंत सुखद और भावुक करने वाला अनुभव रहा। उन्होंने कहा कि "सेवा ही सच्ची भक्ति है" और समाज के जरूरतमंद एवं बुजुर्ग लोगों की सेवा करना प्रत्येक व्यक्ति का नैतिक दायित्व है। उन्होंने लोगों से भी अपने पारिवारिक आयोजनों को सामाजिक सरोकारों से जोड़ने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने बुजुर्गों का हालचाल जाना, उनके साथ समय बिताया और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। सेवा कार्य में संतोष ओझा, अरविन्द कुमार ओझा, अम्बुज ओझा, आर्यन ओझा, अर्पिता ओझा, राकेश ओझा, चंद्रेश यादव, अरविंद तिवारी, धनेश्वर साहु, परशुराम सिंह, निहारिका ओझा, अयांश तिवारी, जगजीवन चौहान सहित अन्य लोगों ने सक्रिय सहयोग किया। कार्यक्रम के समापन पर सभी ने भविष्य में भी इसी प्रकार के सामाजिक और जनसेवा से जुड़े कार्यों को निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया। आयोजन की इस पहल की स्थानीय लोगों ने सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)