विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण मंच है छात्र परिषद-विजय बहादुर सिंह, संस्थापक
आजमगढ़। एसकेडी विद्या मंदिर, धनहुआं, आजमगढ़ में विद्यार्थी परिषद के शपथ ग्रहण समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जहानागंज के ब्लॉक प्रमुख रमेश कन्नौजिया रहे। उन्होंने नव-निर्वाचित छात्र प्रतिनिधियों को सैश एवं बैज पहनाकर सम्मानित किया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि रमेश कन्नौजिया, एसकेडी ग्रुप के चेयरमैन विजय बहादुर सिंह, व्यवस्थापक श्रीकान्त सिंह, प्रधानाचार्य के. के. शरण तथा एसकेडी लोटस वैली स्कूल की प्रधानाचार्या तुहिना के तिलक स्वागत के साथ हुआ। इसके पश्चात गार्ड ऑफ ऑनर, सरस्वती वंदना, दीप प्रज्ज्वलन एवं स्वागत गीत की मनमोहक प्रस्तुति हुई। मुख्य अतिथि ने हेड बॉय सार्थक यादव, हेड गर्ल वैष्णवी यादव सहित मयंक पाण्डेय, सुहाना सिंह, आकाश गुप्ता, वैष्णवी सिंह एवं विद्यार्थी परिषद के अन्य सदस्यों को सैश एवं बैज पहनाकर पदभार ग्रहण कराया। एसकेडी ग्रुप के चेयरमैन विजय बहादुर सिंह ने नव-निर्वाचित परिषद सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए विद्यार्थी परिषद को नेतृत्व क्षमता एवं व्यक्तित्व विकास का सशक्त माध्यम बताया। मुख्य अतिथि रमेश कन्नौजिया ने विद्यार्थियों को अपने दायित्वों का निष्ठा, ईमानदारी एवं अनुशासन के साथ निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया। प्रधानाचार्य केके शरण ने परिषद सदस्यों को पद एवं कर्तव्यनिष्ठा की शपथ दिलाई, जबकि उपप्रधानाचार्य योगेश अस्थाना ने उन्हें उनके कर्तव्यों एवं जिम्मेदारियों से अवगत कराया। समारोह के सफल आयोजन में मिस रंजना, अल्का, नेहा, प्रियंका, ममता एवं अनिल, शिवमंगल, अभिषेक की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस अवसर पर विद्यालय परिवार के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभिभावकगण एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।



