आजमगढ़ : अवैध प्लाटिंग पर चला बुलडोजर, राजस्व विभाग की बड़ी कार्रवाई

Youth India Times
By -
0




जांच में फर्जीवाड़े के आरोप मिले, सीमेंट के पिलर ध्वस्त कर हटाया गया अवैध कब्जा
आजमगढ़। फूलपुर तहसील क्षेत्र के माहुल नगर पंचायत से सटे इमामगढ़ गांव में कृषि योग्य भूमि पर की गई अवैध प्लाटिंग के खिलाफ राजस्व विभाग ने सोमवार देर शाम बुलडोजर चलाकर बड़ी कार्रवाई की। इस दौरान प्लाटिंग के लिए लगाए गए सीमेंट के पिलरों को ध्वस्त कर दिया गया। कार्रवाई के बाद अवैध प्लाटिंग और जमीन की खरीद-बिक्री से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया। राजस्व विभाग के अनुसार इमामगढ़ स्थित गाटा संख्या 226 राजस्व अभिलेखों में कृषि भूमि के रूप में दर्ज है। आरोप है कि बिना भूमि को अकृषक घोषित कराए ही राजस्व नियमों की अनदेखी करते हुए इसे आवासीय प्लॉट के रूप में विकसित कर कई लोगों को बेच दिया गया था। प्लॉटों के सीमांकन के लिए सीमेंट के पिलर भी लगाए गए थे। शिकायत मिलने पर क्षेत्रीय लेखपाल सौरभ राय ने राजस्व टीम के साथ मौके पर पहुंचकर भूमि की पैमाइश कराई। जांच में शिकायत सही पाए जाने पर बुलडोजर से अवैध प्लाटिंग हटाकर सीमेंट के पिलरों को ध्वस्त करा दिया गया। लेखपाल सौरभ राय ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि भूमि के वास्तविक स्वामी की जानकारी के बिना मोलनापुर निवासी मुशीर अहमद ने कथित रूप से राजस्व अभिलेखों में हेराफेरी कर जमीन अपने नाम दर्ज करा ली थी। इसके बाद भूमि के कई हिस्सों की बिक्री कर दी गई। शिकायत के आधार पर जांच के बाद अवैध कब्जा हटाने की कार्रवाई की गई है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)