दो दिन पहले घर से हुए थे लापता, गुमशुदगी की दी गई थी सूचना
आजमगढ़। महाराजगंज कोतवाली क्षेत्र में दो दिन से लापता एक किसान का शव मंगलवार सुबह नदी किनारे मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान जयप्रकाश यादव (42) पुत्र गुलाब यादव, निवासी ग्राम नौबरार देवारा जदीद किता दोयम, कोतवाली महाराजगंज के रूप में हुई। परिजनों के अनुसार जयप्रकाश 12 जुलाई को घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। काफी तलाश के बाद भी उनका पता नहीं चलने पर देवारांचल पुलिस चौकी में उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। मंगलवार सुबह करीब 7:40 बजे महुला-गढ़वल बांध के किनारे, नौबरार देवारा जदीद किता प्रथम स्थित औघड़गंज बाजार से लगभग 100 मीटर पूर्व ग्रामीणों ने नदी किनारे एक शव देखा और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची महाराजगंज पुलिस ने शव बाहर निकलवाया, जिसकी पहचान जयप्रकाश यादव के रूप में हुई। शव मिलने की सूचना से परिवार में कोहराम मच गया। जयप्रकाश यादव चार भाइयों में सबसे बड़े थे और खेती-किसानी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि मौत के कारणों का स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच की जा रही है।



