पुलिस ने पैर को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा
आजमगढ़। शहर कोतवाली क्षेत्र स्थित पुरानी जेल की जमीन पर सोमवार को एक कटा हुआ मानव पैर मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। बीच शहर में मानव अंग मिलने की सूचना पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और राहगीर मौके पर जुट गए। सूचना मिलते ही शहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और पुरानी जेल परिसर तथा आसपास के क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाया। पुलिस ने कटे हुए पैर के अलावा शरीर के अन्य हिस्सों की तलाश की, लेकिन काफी खोजबीन के बाद भी कुछ बरामद नहीं हो सका। इसके बाद पुलिस ने मानव पैर को कब्जे में लेकर सील कराया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि पास स्थित डंपिंग यार्ड में नगर पालिका की गाड़ियों से अस्पतालों का मेडिकल वेस्ट डाला जाता है। आशंका जताई जा रही है कि यह मानव अंग किसी अस्पताल के मेडिकल वेस्ट का हिस्सा हो सकता है, जिसे आवारा कुत्ता डंपिंग यार्ड से खींचकर सड़क किनारे ले आया। वहीं दूसरी ओर, कुछ लोग इसे किसी गंभीर आपराधिक घटना से भी जोड़कर देख रहे हैं। उनका मानना है कि हत्या के बाद साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव के अंग अलग-अलग स्थानों पर फेंके गए हो सकते हैं। हालांकि, फिलहाल इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। घटना ने मेडिकल वेस्ट के निस्तारण और शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। यदि यह मेडिकल वेस्ट है, तो मानव अंग खुले डंपिंग स्थल तक कैसे पहुंचा, इसकी जांच आवश्यक है। वहीं यदि मामला किसी अपराध से जुड़ा है, तो इसके पीछे की सच्चाई का पता लगाना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती होगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।



