आजमगढ़ : महादेवी हायर सेकेंडरी स्कूल में कारगिल विजय दिवस पर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि

Youth India Times
By -
0


देशभक्ति गीत, झांकी और प्रेरक भाषणों के माध्यम से छात्रों ने किया भारतीय सेना के शौर्य का सम्मान

आजमगढ़। तिवारीपुर, सिधारी स्थित महादेवी हायर सेकेंडरी स्कूल में शनिवार को कारगिल विजय दिवस के अवसर पर भारतीय सेना के शौर्य, पराक्रम और बलिदान को नमन करते हुए श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधन, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं छात्र-छात्राओं ने शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके अदम्य साहस को याद किया। कार्यक्रम का शुभारंभ शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इस दौरान उपस्थित सभी लोगों ने कारगिल युद्ध के वीर जवानों के सर्वोच्च बलिदान को नमन करते हुए राष्ट्र के प्रति उनके योगदान को स्मरण किया। विद्यालय की छात्रा अदिति मिश्रा ने प्रसिद्ध देशभक्ति गीत "ऐ मेरे वतन के लोगों..." की भावपूर्ण प्रस्तुति देकर पूरे वातावरण को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। वहीं कक्षा चार के छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत कारगिल विजय दिवस पर आधारित झांकी कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रही, जिसमें भारतीय सैनिकों की वीरता और देशप्रेम का जीवंत चित्रण किया गया। छात्राओं इशिता दुबे एवं गरिमा सिंह ने अपने प्रेरक संबोधन में कारगिल युद्ध के इतिहास, उसके महत्व तथा भारतीय सैनिकों की वीरता पर प्रकाश डालते हुए सभी को राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया। विद्यालय के प्रबंधक डीपी मौर्य ने कहा कि कारगिल के वीर सैनिकों का शौर्य और बलिदान सदैव देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत रहेगा। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, देशभक्ति और राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करने का आह्वान किया। अकादमिक डायरेक्टर राम नयन मौर्य ने कारगिल विजय दिवस को शहीदों के बलिदान का राष्ट्रीय स्मृति पर्व बताते हुए सभी अमर वीरों को श्रद्धासुमन अर्पित किए। वहीं प्रधानाचार्य शत्रुघ्न विश्वकर्मा ने कहा कि कारगिल के वीर भले ही आज हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनकी शहादत और राष्ट्रप्रेम आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरित करता रहेगा। कार्यक्रम में विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। आयोजन को सफल बनाने में कोऑर्डिनेटर आनंद मौर्य, दिनेश यादव, रामचरण मौर्य, दीपिका सिंह, मीनाक्षी अस्थाना, धीरेंद्र मोहन, शरद गुप्ता, प्रेमा यादव, आदित्य मिश्रा, अजय यादव, राहुल तिवारी, किशन यादव, आरोही मोदनवाल सहित विद्यालय के सभी शिक्षकों का सराहनीय योगदान रहा।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)