आजमगढ़ : पुल का अप्रोच धंसा, हादसे की आशंका से ग्रामीणों में चिंता

Youth India Times
By -
0


एक वर्ष से क्षतिग्रस्त सड़क के कारण आवागमन बना जोखिम भरा
स्कूली बसों सहित दर्जनों गांवों के लोगों की आवाजाही पर संकट
रिपोर्ट-आरपी सिंह
फूलपुर (आजमगढ़)। फूलपुर तहसील क्षेत्र में चमावा-लखनऊ-बलिया मार्ग से भेड़िया बाजार को जोड़ने वाली सड़क पर स्थित कुँवर नदी पुल का अप्रोच धंसने और दोनों ओर की मिट्टी बह जाने से आवागमन बेहद जोखिम भरा हो गया है। पुल के दोनों किनारों पर सड़क की पटरियां क्षतिग्रस्त होने से वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने लोक निर्माण विभाग से तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने बताया कि इस पुल का निर्माण वर्षों पहले तत्कालीन इस्पात मंत्री एवं सांसद चन्द्रजीत यादव के प्रयास से कराया गया था। यह पुल बूढ़ापुर बदल, मुंडवर, हेमईपुर, अंजान शहीद, वैसापुर, नूरपुर, सिंगारपुर, डिघिया, वैसाडीह, पूरा नाजिर, पूरा मलिक, पूरा भिखारी, हैदरीपुर, कतरानूरपुर सहित दर्जनों गांवों के लोगों के लिए प्रमुख संपर्क मार्ग है। इसी रास्ते से प्रतिदिन स्कूली बसें, एंबुलेंस और अन्य छोटे-बड़े वाहन भी गुजरते हैं। ग्रामीणों के अनुसार पिछले करीब एक वर्ष से पुल के दोनों ओर का अप्रोच लगातार धंसता जा रहा है और बरसात में मिट्टी बह जाने से स्थिति और गंभीर हो गई है। सड़क संकरी हो जाने के कारण दो वाहन एक साथ सुरक्षित रूप से नहीं निकल पा रहे हैं, जिससे हर समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। ग्राम प्रधान बूढ़ापुर बदल वीरेंद्र (भूषण) यादव समेत रामअवध सुमन, शिवकुमारी, हरेंद्र चौहान, रविंद्र यादव, जमशेद, सतीश यादव, लख्खीलाल और अन्य ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों तथा विधायक प्रतिनिधि विजय बहादुर यादव से अप्रोच पर मिट्टी भरवाकर गड्ढों की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते पुल की मरम्मत नहीं कराई गई और कोई हादसा हुआ तो इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग और स्थानीय प्रशासन की होगी।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)