फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड ने जुटाए साक्ष्य, बाग में मिले खाली बक्से
रिपोर्ट-सर्वेश पाण्डेय
आजमगढ़। बिलरियागंज थाना क्षेत्र के इटौरा दयाल गांव में रविवार देर रात अज्ञात चोरों ने एक मकान को निशाना बनाते हुए करीब 25 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और 40 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ली। घटना की जानकारी सोमवार सुबह होने पर इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर बिलरियागंज पुलिस मौके पर पहुंची और फोरेंसिक टीम तथा डॉग स्क्वॉड की मदद से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी। जानकारी के अनुसार, गांव निवासी सतेंद्र पटेल पुत्र स्वर्गीय दूधनाथ पटेल के घर रविवार रात परिवार की तीन महिलाएं बरामदे में सो रही थीं, जबकि एक किशोर छत पर बने कमरे में था। रात लगभग 10 बजे सभी सो गए थे और बरामदे के सामने लगे चैनल गेट पर ताला बंद था। सोमवार तड़के करीब चार बजे एक महिला की नींद खुली तो उसने घर के अंदर जाने का प्रयास किया, लेकिन मुख्य दरवाजा अंदर से बंद मिला। इसी दौरान छत पर मौजूद किशोर ने भी दरवाजा बंद होने की सूचना दी। संदेह होने पर परिवार के लोग घर के पीछे पहुंचे, जहां खिड़की खुली मिली। अंदर प्रवेश करने पर कमरों का सामान बिखरा पड़ा था। शोर मचाने पर ग्रामीण एकत्र हो गए और पुलिस को सूचना दी गई। जांच के दौरान घर के पीछे स्थित बाग में चोरों द्वारा फेंके गए खाली बक्से और अटैची बरामद हुए। पीड़ित परिवार के अनुसार चोर तीन सोने की अंगूठियां, तीन सोने की चेन, नथ, मांगटीका, मंगलसूत्र, चार जोड़ी चांदी की पायल सहित लगभग 25 लाख रुपये के आभूषण और 40 हजार रुपये नकद ले गए। थानाध्यक्ष अमित कुमार मिश्रा ने बताया कि एक महिला का आभूषण घर के छज्जे पर मिला है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और जल्द घटना के खुलासे का दावा किया है।

