घर में खेलते समय हुई घटना, अस्पताल में उपचार के दौरान तोड़ा दम
आजमगढ़। जनपद के सगड़ी क्षेत्र के जीयनपुर कोतवाली अंतर्गत छत्तरपुर खुशहाल गांव में सर्पदंश से दो वर्षीय मासूम की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक का माहौल है। जानकारी के अनुसार, छत्तरपुर खुशहाल गांव निवासी अजय यादव का दो वर्षीय पुत्र अयान रविवार दोपहर घर में था। इसी दौरान उसे सांप ने डंस लिया। परिजन आनन-फानन में उसे इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों के प्रयास के बावजूद उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। बताया गया कि अयान अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। परिवार में उसकी एक बड़ी बहन है। मासूम की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई और बड़ी संख्या में लोग शोकाकुल परिवार को सांत्वना देने पहुंचे।



