रिपोर्ट-अबुल कैश
आजमगढ़। सरायमीर थाना क्षेत्र के खानपुर गांव की एक युवती की महाराष्ट्र के ठाणे जिले में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव पैतृक गांव पहुंचा, जहां अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण और रिश्तेदार एकत्र हुए। इसके बाद दुवार्सा धाम में गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया। जानकारी के अनुसार, खानपुर निवासी रमेश चंद्र अपने परिवार के साथ रोजी-रोटी के सिलसिले में महाराष्ट्र के ठाणे जिले के ओचले थाना क्षेत्र में रहते हैं। 25 जुलाई को उनकी बेटी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और बाद में परिजनों को सौंप दिया। मृतका की मां और भाई ने युवती की मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है। उनका कहना है कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या का मामला हो सकता है। परिजनों ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष एवं गहन जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि मामले के कई सवालों के जवाब अभी तक नहीं मिले हैं और निष्पक्ष जांच से ही सच्चाई सामने आएगी। फिलहाल महाराष्ट्र पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पुलिस की ओर से अभी तक मौत के कारणों को लेकर कोई अंतिम आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्ष के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, गांव के लोगों ने भी निष्पक्ष जांच कर दोषियों को सख्त सजा दिलाने की मांग की है।



