कॉल सेंटर पर पुलिस ने मारा छापा, 21 युवतियों सहित 32 धराये

Youth India Times
By -
0

इलेक्ट्रॉनिक सामान किए गए जब्त, फोन के माध्यम से करते थे लोगों से संपर्क

वाराणसी। भेलूपुर थाना क्षेत्र के महमूरगंज स्थित रघुनाथ नगर कॉलोनी के साही टॉवर में संचालित एक कथित ट्रेडिंग कॉल सेंटर पर पुलिस और साइबर क्राइम टीम ने गुरुवार देर रात छापेमारी कर 21 युवतियों सहित 32 लोगों को हिरासत में लिया। सभी को पूछताछ के लिए साइबर थाने भेजा गया है। मौके से कंप्यूटर, लैपटॉप, मोबाइल और अन्य डिजिटल डाटा भी जब्त किया गया है। पुलिस के अनुसार, कॉल सेंटर से लोगों को ऑनलाइन ट्रेडिंग, निवेश, डिजिटल मार्केटिंग और ऑनलाइन खरीदारी में अधिक मुनाफे का लालच देकर निवेश के लिए प्रेरित किया जाता था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कर्मचारियों द्वारा फोन के माध्यम से लोगों से संपर्क कर उन्हें कम समय में अधिक लाभ का भरोसा दिलाया जाता था। आरोप है कि निवेशकों से लाखों रुपये तक की रकम जमा कराई जाती थी। शुरुआती दौर में कुछ लोगों को मुनाफा या रकम वापस कर भरोसा बनाया जाता था, जिसके बाद अधिक निवेश के लिए प्रेरित किया जाता था। एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार ने बताया कि हिरासत में लिए गए सभी लोगों से पूछताछ की जा रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि कॉल सेंटर में किसकी क्या भूमिका थी और निवेश के नाम पर धन जुटाने का पूरा नेटवर्क कैसे संचालित किया जा रहा था। पुलिस ने बताया कि जिस कार्यालय में छापेमारी हुई, वहां एनकेडी एसोसिएट नाम का बोर्ड लगा था। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि इसी नाम से एक कंपनी के सेबी में पंजीकृत होने का दावा किया गया है। हालांकि, पुलिस यह जांच कर रही है कि महमूरगंज स्थित कार्यालय का उस पंजीकृत कंपनी से वास्तव में कोई संबंध था या नहीं। यदि किसी वास्तविक संस्था के नाम और पहचान का दुरुपयोग किया गया है तो उसके पहलुओं की भी जांच की जाएगी। जांच एजेंसियां अब बैंक खातों, डिजिटल लेनदेन और जब्त किए गए इलेक्ट्रॉनिक डाटा की गहन पड़ताल कर रही हैं। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि निवेशकों का विश्वास जीतने के लिए कथित तौर पर फर्जी प्रमाणपत्र और दस्तावेजों का इस्तेमाल किया गया था या नहीं। पुलिस पूरे नेटवर्क और धन के प्रवाह की जांच में जुटी हुई है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)