परिजनों ने सीएचसी में डॉक्टर न मिलने का लगाया आरोप, मां का रो-रोकर बुरा हाल
रिपोर्ट : वीबी सिंह
आजमगढ़। जहानागंज थाना क्षेत्र के बरहतिल जगदीशपुर गांव में मंगलवार की शाम सर्पदंश की घटना में 15 वर्षीय किशोरी रानी राजभर की मौत हो गई। घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जानकारी के अनुसार, बरहतिल जगदीशपुर निवासी राजेश राजभर उर्फ पपलू की 15 वर्षीय पुत्री रानी राजभर मंगलवार शाम करीब सात बजे घर के भीतर तेल रखने गई थी। इसी दौरान उसे विषैले सर्प ने डस लिया। सर्पदंश की जानकारी मिलते ही परिजन उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोल्हूखोर ले गए। परिजनों का आरोप है कि उस समय अस्पताल में कोई चिकित्सक मौजूद नहीं था, जिससे समय पर उपचार नहीं मिल सका। प्राथमिक उपचार न मिलने पर परिजन गंभीर हालत में किशोरी को जिला अस्पताल लेकर रवाना हुए, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। रानी अपने माता-पिता की तीन बेटियों में सबसे छोटी थी। उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मां का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातम का माहौल है। घटना के बाद ग्रामीणों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकों की अनुपस्थिति पर नाराजगी जताते हुए स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की मांग की है।

