आजमगढ़ : मतदाता सूची से दर्जनों नाम गायब, प्रधान ने की जांच की मांग

Youth India Times
By -
0

 





आईजीआरएस पोर्टल पर मुख्यमंत्री व प्रशासन से शिकायत; एसडीएम बोले— जांच कर होगी उचित कार्रवाई
रिपोर्ट : आरपी सिंह
आजमगढ़। विकास खंड फूलपुर की ग्राम पंचायत चरौवा में मतदाता सूची से दर्जनों लोगों के नाम कट जाने का मामला सामने आया है। इसे लेकर ग्राम पंचायत की प्रशासक प्रधान विनीता यादव ने मुख्यमंत्री, उप जिलाधिकारी सहित संबंधित अधिकारियों से शिकायत कर मामले की जांच और नामों की पुनर्बहाली की मांग की है। प्रधान विनीता यादव ने जनसुनवाई समन्वित शिकायत निवारण प्रणाली (आईजीआरएस) के माध्यम से ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया है कि उनके पति रमेश यादव समेत करीब 50 ग्रामीणों के नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए हैं। उनका कहना है कि मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए सभी आवश्यक दस्तावेज नियमानुसार समय से बीएलओ को उपलब्ध करा दिए गए थे, इसके बावजूद बड़ी संख्या में पात्र लोगों के नाम सूची में नहीं हैं। शिकायत में कहा गया है कि यदि नामों को पुनः मतदाता सूची में शामिल नहीं किया गया तो संबंधित ग्रामीण आगामी पंचायत चुनाव में मतदान करने और चुनावी प्रक्रिया में भाग लेने से वंचित हो जाएंगे। इससे उनके लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन होगा। प्रधान ने प्रशासन से मांग की है कि मतदाता सूची की पुनः जांच कराई जाए और जिन पात्र व्यक्तियों के नाम काटे गए हैं, उन्हें तत्काल बहाल किया जाए। साथ ही मामले में लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। उधर, इस मामले को लेकर ग्रामीणों में भी चिंता और नाराजगी देखी जा रही है। इस संबंध में उपजिलाधिकारी फूलपुर अशोक कुमार ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। इसकी जांच कराई जाएगी और जांच रिपोर्ट के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)