आजमगढ़ : आम के पेड़ से लटका मिला युवक का शव

Youth India Times
By -
0




पारिवारिक कलह और जमीन विवाद से अवसाद में था युवक

आजमगढ़। जनपद के महराजगंज थाना क्षेत्र के भगवानपुर गांव में शनिवार सुबह एक युवक का शव घर के समीप स्थित बगीचे में आम के पेड़ से रस्सी के फंदे के सहारे लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच में जुट गई है। जानकारी के अनुसार भगवानपुर गांव निवासी संजय मौर्य (30) पुत्र स्वर्गीय लालू मौर्य का शव शनिवार सुबह करीब पांच बजे घर से लगभग 100 मीटर उत्तर स्थित बगीचे में आम के पेड़ से लटका हुआ ग्रामीणों ने देखा। इसकी सूचना परिजन को दी गई। मौके पर पहुंचे स्वजन शव को फंदे से लटका देख बेसुध हो गए। मृतक के छोटे भाई संदीप मौर्य ने घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ग्रामीणों के अनुसार संजय मौर्य की शादी लगभग तीन वर्ष पूर्व हुई थी तथा उसका दो वर्ष का एक पुत्र भी है। पति-पत्नी के बीच लंबे समय से सामंजस्य नहीं था, जिसके चलते उसकी पत्नी करीब दो वर्ष पूर्व पुत्र को लेकर मायके चली गई थी। इसके अलावा पिछले कुछ दिनों से पड़ोसियों के साथ जमीन बंटवारे को लेकर विवाद भी चल रहा था, जिससे वह मानसिक तनाव और अवसाद में रहता था। हालांकि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)