यूपी का कुख्यात अपराधी बना पुलिस की बड़ी चुनौती, इनाम बढ़कर हुआ 1 लाख रुपये

Youth India Times
By -
0




दर्ज हैं 71 से अधिक मुकदमे, यूपी एसटीएफ और स्वाट टीमें सक्रिय, फर्जी दस्तावेजों से जमानत लेने का आरोप

मेरठ। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुख्यात अपराधी और चिन्हित माफिया उधम सिंह पर मेरठ जोन के एडीजी भानु भास्कर ने एक लाख रुपये का इनाम घोषित कर दिया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए मेरठ पुलिस की स्वाट टीमों के साथ-साथ यूपी एसटीएफ भी लगातार तलाश में जुटी हुई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार उधम सिंह के नेपाल फरार होने की आशंका है। मेरठ जनपद के सरूरपुर थाना क्षेत्र के करनावल कस्बे का निवासी उधम सिंह लंबे समय से अपराध जगत का चर्चित नाम रहा है। उसके खिलाफ हत्या, रंगदारी, हत्या के प्रयास समेत विभिन्न गंभीर धाराओं में 71 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। वर्ष 2022 में रंगदारी और धमकी के एक मामले में सरूरपुर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा था। बाद में उसे मेरठ जेल से उन्नाव जेल स्थानांतरित कर दिया गया था। करीब चार वर्ष आठ माह जेल में रहने के बाद 26 मार्च 2026 को उधम सिंह जमानत पर रिहा हुआ, लेकिन इसके बाद से वह फरार चल रहा है। पुलिस के अनुसार वह देहरादून, चंडीगढ़ और गोवा होते हुए नेपाल पहुंच गया। इसी दौरान सोशल मीडिया पर उसकी कुछ वीडियो भी वायरल हुईं, जिनमें वह गोवा और नेपाल में घूमता नजर आया। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि उधम सिंह की जमानत के लिए जिन व्यक्तियों के दस्तावेज लगाए गए थे, उन्होंने स्वयं को जमानती बनने से इनकार किया। दोनों ने दावा किया कि उनकी जानकारी के बिना उनके नाम और दस्तावेजों का इस्तेमाल किया गया। इस मामले में सरूरपुर थाने में मुकदमा दर्ज कर उधम सिंह समेत उसके दो सहयोगियों को आरोपी बनाया गया। जमानत प्रक्रिया में कथित फर्जीवाड़े का खुलासा होने के बाद पुलिस ने उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी कराया। पहले मेरठ एसएसपी ने उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया, जिसे बाद में डीआईजी मेरठ ने बढ़ाकर 50 हजार रुपये कर दिया। आरोपी की गिरफ्तारी न होने पर अब मेरठ जोन के एडीजी ने इनाम राशि बढ़ाकर एक लाख रुपये कर दी है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)