आजमगढ़ : मकान मालिक के बेटे ने स्टेट बैंक के मुख्य गेट में लगाया ताला

Youth India Times
By -
0




गेट खोलने से रोकने सहित कर्मचारियों को धमकाने और बैंक की जलापूर्ति व जनरेटर सेवा भी किया बाधित, मचा हंगामा
आजमगढ़। अतरौलिया थाना क्षेत्र में भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की अतरौलिया शाखा के शाखा प्रबंधक की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शाखा प्रबंधक अरविंद कुमार आनंद ने आरोप लगाया है कि मकान मालकिन के पुत्र आशुतोष मिश्रा द्वारा लगातार बैंक के संचालन में बाधा उत्पन्न की जा रही है, जिससे कर्मचारियों और ग्राहकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, 2 जून 2026 की सुबह करीब 9:30 बजे आशुतोष मिश्रा ने बैंक कर्मचारियों को शाखा का मुख्य गेट खोलने से रोक दिया। इसके चलते बैंक के सभी कर्मचारी लगभग डेढ़ घंटे तक शाखा के बाहर खड़े रहे और बैंकिंग कार्य प्रभावित रहा। शाखा प्रबंधक का कहना है कि संबंधित शाखा पिछले 11 वर्षों से अधिक समय से उक्त भवन में संचालित हो रही है। तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि पिछले सात महीनों से आरोपी विभिन्न तरीकों से शाखा संचालन में अवरोध उत्पन्न कर रहा है। शाखा का जनरेटर पिछले छह माह से तथा जलापूर्ति पिछले दो सप्ताह से बंद कर दी गई है, जिससे कर्मचारियों और ग्राहकों को असुविधा हो रही है। शाखा प्रबंधक ने स्वयं तथा कर्मचारियों को बार-बार धमकियां दिए जाने का भी आरोप लगाया है। घटना के बाद मामले की सूचना डायल-112 पर दी गई, जिसके बाद स्थानीय प्रशासन की मौजूदगी में बैंक का संचालन शुरू कराया गया। शाखा प्रबंधक की तहरीर के आधार पर अतरौलिया पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)