वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से मिल पीड़ित ने सुनाई अपनी व्यथा
स्थगन आदेश के बावजूद निर्माण कराने का आरोप, थानाध्यक्ष पर कार्रवाई की मांग
आजमगढ़। जनपद के महराजगंज थाना क्षेत्र के नौबरार देवारा जदीद किता प्रथम गांव के निवासी मुन्धर राज भार उर्फ कबड्डू ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर थानाध्यक्ष महराजगंज पर गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायतकर्ता का कहना है कि विवादित भूमि पर न्यायालय में वाद लंबित होने तथा प्रशासन द्वारा निर्माण कार्य रोकने के निर्देश दिए जाने के बावजूद अवैध निर्माण कराया जा रहा है। प्रार्थना पत्र के अनुसार संबंधित गाटों को लेकर चकबंदी अधिकारी सदर द्वितीय, आजमगढ़ के न्यायालय में मामला विचाराधीन है। वहीं, बन्दोबस्त अधिकारी चकबंदी द्वारा 10 अप्रैल 2026 को पारित आदेश में स्पष्ट किया गया था कि यदि भूमि संबंधी कोई वाद किसी न्यायालय में लंबित है तो निर्माण की अनुमति स्वतः निष्प्रभावी मानी जाएगी। शिकायतकर्ता ने बताया कि विपक्षी बासमती पत्नी इन्द्रासन द्वारा बिना सीमांकन कराए भूमि पर कब्जा कर निर्माण कार्य कराया जा रहा है। इस संबंध में जिलाधिकारी को दिए गए प्रार्थना पत्र पर चकबंदी अधिकारी सदर एवं थानाध्यक्ष महराजगंज को अग्रिम आदेश तक निर्माण कार्य तत्काल रोकवाने के निर्देश दिए गए थे। आरोप है कि जब वह उक्त आदेश लेकर थाना महराजगंज पहुंचे तो थानाध्यक्ष ने न केवल आदेश का पालन करने से इनकार किया, बल्कि अभद्र व्यवहार करते हुए उन्हें थाने से भगा दिया। शिकायतकर्ता का यह भी आरोप है कि निर्माण कार्य रोकने का प्रयास करने पर उन्हें हाथ-पैर तोड़ने की धमकी दी गई। पीड़ित ने एसएसपी से मामले में रिपोर्ट दर्ज कराकर विवादित भूमि पर हो रहे निर्माण कार्य को तत्काल रुकवाने तथा आरोपों की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग की है।





