हास्पिटल स्टाप ने परिजनों को दी धमकी, जाओ जो जांच करना है करवा लो
परिजनों ने लगाया आरोप डेढ़ लाख से अधिक जमा करवाने के बाद भी की लापरवाही
आजमगढ़। चर्चित निजी चिकित्सा संस्थानों में शामिल विजय सुपर स्पेशलिस्ट हड्डी अस्पताल लछिरामपुर में बुधवार को एक युवक की मौत के बाद जमकर हंगामा हो गया। परिजनों ने इलाज में गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। परिजनों के विरोध अस्पताल के कर्मचारियों द्वारा परिजनों को धमकी भी दी गई कि जाओ जो जांच करवाना है करवा लो। जानकारी के अनुसार मऊ जनपद के दोहरीघाट थाना क्षेत्र के पाउस गांव निवासी 22 वर्षीय गोलू यादव पुत्र रामसमुझ यादव बुधवार की सुबह पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर किलोमीटर संख्या 301 के पास ट्रक के पहिए से गिट्टी निकाल रहा था। इसी दौरान एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने उसे टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद घायल युवक को पहले जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए लछिरामपुर स्थित विजय सुपर स्पेशलिस्ट हड्डी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां डाक्टर मनीष त्रिपाठी व उनकी टीम के द्वारा उसका इलाज शुरू किया गया। परिजनों का आरोप है कि सुबह से इलाज चल रहा था और करीब दस बजे तक मरीज की हालत सामान्य बताई जा रही थी। लेकिन दोपहर लगभग ढाई बजे अस्पताल स्टाफ द्वारा परिजनों से खून की कमी होने की बात कही गयी, परिजन खून की व्यवस्था में लग गये, आरोप है कि इसके कुछ ही समय बाद अस्पताल प्रशासन ने युवक की मौत की सूचना दे दी। इससे परिजन आक्रोशित हो उठे और अस्पताल परिसर में हंगामा शुरू कर दिया। परिजनों का कहना था कि इलाज के नाम पर डेढ़ लाख रुपये से अधिक जमा कराने के बावजूद मरीज को समुचित उपचार नहीं मिला। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मौत होने के काफी समय बाद उन्हें इसकी जानकारी दी गई। हंगामे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। बाद में शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। इस दौरान परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर कई गंभीर आरोप लगाए और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। उल्लेखनीय है कि पिछले कुछ महीनों में भी इस अस्पताल को लेकर विभिन्न प्रकार के आरोप सामने आते रहे हैं और कुछ मामले सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बने थे।




