यू-15 एशियन कुश्ती चैंपियनशिप के 85 किग्रा फ्रीस्टाइल वर्ग में चयन, जिले में खुशी की लहर
यह पूरे जनपद के लिए गर्व का विषय : राजेंद्र प्रसाद यादव, अध्यक्ष
आज़मगढ़। जनपद के उभरते पहलवान विवेक चौहान का चयन थाईलैंड में आयोजित होने वाली यू-15 एशियन कुश्ती चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम में हुआ है। 26 जून से 5 जुलाई 2026 तक आयोजित होने वाली इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में विवेक चौहान 85 किलोग्राम फ्रीस्टाइल भार वर्ग में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। विवेक चौहान, वीरेंद्र कुमार चौहान के पुत्र हैं और आजमगढ़ जिले के चंदौका गांव, पोस्ट-पठखौली के निवासी हैं। उन्होंने कुश्ती का प्रारंभिक प्रशिक्षण सुखदेव पहलवान स्पोर्ट्स स्टेडियम, आजमगढ़ में प्रशिक्षक जयप्रकाश यादव एवं गोविंद यादव के निर्देशन में प्राप्त किया। वर्तमान में वह स्पोर्ट्स हॉस्टल गोरखपुर में प्रशिक्षण ले रहे हैं। गत 3 मई 2026 को साई सेंटर लखनऊ में आयोजित यू-15 भारतीय कुश्ती टीम चयन ट्रायल में विवेक ने 85 किलोग्राम भार वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त कर राष्ट्रीय टीम में जगह बनाई। इससे पूर्व वह तमिलनाडु में आयोजित यू-15 राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुके हैं। इस उपलब्धि पर जिला कुश्ती संघ आजमगढ़ के अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद यादव ने विवेक चौहान को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पूरे जनपद के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने उम्मीद जताई कि विवेक अंतरराष्ट्रीय मंच पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पदक जीतेंगे और देश व जिले का नाम रोशन करेंगे। विवेक की इस सफलता पर उत्तर प्रदेश कुश्ती संघ के सचिव सुरेश चंद्र उपाध्याय, उपाध्यक्ष विजय शंकर यादव एवं आनंद देव उपाध्याय सहित जिला कुश्ती संघ के पदाधिकारियों, प्रशिक्षकों एवं खेल प्रेमियों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।





