डेढ़ वर्ष से फरार चल रही थी सह-अभियुक्ता पुष्पा, गंभीर धाराओं में दर्ज है मुकदमा
आजमगढ़। जनपद के रौनापार थाना क्षेत्र में नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर राजस्थान में बेचने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लंबे समय से फरार चल रही वांछित महिला अभियुक्ता को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, 12 अक्टूबर 2024 को रौनापार थाना क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति की तहरीर पर उसकी नाबालिग बहन को सुनील यादव द्वारा बहला-फुसलाकर भगा ले जाने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान पीड़िता के बयान, चिकित्सीय परीक्षण और आयु संबंधी अभिलेखों के आधार पर मामले में मानव तस्करी, खरीद-फरोख्त तथा पॉक्सो एक्ट सहित कई गंभीर धाराएं बढ़ाई गईं। जांच में अनिल यादव, पुष्पा, श्रीमती देवी तथा पीड़िता के एक अज्ञात खरीदार की संलिप्तता भी सामने आई। इस मामले में मुख्य अभियुक्त सुनील यादव और अनिल यादव को 3 दिसंबर 2024 तथा सह-अभियुक्ता श्रीमती देवी को 5 जनवरी 2026 को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका था। फरार चल रही सह-अभियुक्ता पुष्पा की तलाश लगातार की जा रही थी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) एवं क्षेत्राधिकारी सगड़ी के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष रौनापार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सोमवार सुबह सपहा पाठक तिराहा, चिलबिली रोड से वांछित अभियुक्ता पुष्पा (35) पुत्री श्रीराम, निवासी नकीब खोजौली, थाना रौनापार, हाल पता ग्राम खिलेरिया, थाना सरदारशहर, जनपद चूरू (राजस्थान) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि अभियुक्ता के विरुद्ध रौनापार थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं तथा पॉक्सो एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज है। गिरफ्तारी की सूचना परिजनों को देने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।





