आज़मगढ़ : विद्या इंटर कॉलेज में सामूहिक नकल की शिकायत निकली भ्रामक, जांच में नहीं मिले सबूत

Youth India Times
By -
0




ABVMU प्रवेश परीक्षा AI कैमरों और सीसीटीवी निगरानी में हुई सम्पन्न, पुलिस-प्रशासन ने कहा— परीक्षा रही पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी

आजमगढ़। अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय (ABVMU), लखनऊ द्वारा आयोजित प्रवेश परीक्षा शनिवार को जनपद के 21 परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण एवं सकुशल ढंग से सम्पन्न हुई। परीक्षा समाप्त होने के बाद विद्या इंटर कॉलेज, हाफिजपुर केंद्र पर कुछ छात्रों द्वारा सामूहिक नकल कराए जाने तथा सीसीटीवी कैमरे बंद होने की शिकायत की गई, लेकिन पुलिस-प्रशासन की प्रारंभिक जांच में यह आरोप असत्य और भ्रामक पाए गए हैं। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक कोतवाली, क्षेत्राधिकारी नगर, उपजिलाधिकारी सदर सहित वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और छात्रों से बातचीत कर मामले की जांच शुरू की। छात्रों ने कक्ष संख्या 05, 07 और 09 को लेकर शिकायत दर्ज कराई थी। जांच के दौरान सामने आया कि परीक्षा केंद्र पर दोहरी निगरानी व्यवस्था लागू थी। विश्वविद्यालय की ओर से लगाए गए AI तकनीक आधारित कैमरों का लाइव फीड सीधे लखनऊ स्थित नियंत्रण कक्ष को भेजा जा रहा था, जबकि विद्यालय की स्थायी सीसीटीवी व्यवस्था की रिकॉर्डिंग भी डीवीआर में सुरक्षित उपलब्ध है। केंद्र पर तैनात विश्वविद्यालय के अधिकृत प्रतिनिधियों मुकुल रावत और मनीष कुमावत ने भी स्पष्ट किया कि परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की कोई अनियमितता नहीं हुई और परीक्षा पूरी शुचिता, निष्पक्षता तथा पारदर्शिता के साथ सम्पन्न हुई। पुलिस एवं प्रशासन द्वारा सीसीटीवी फुटेज की गहन जांच की जा रही है तथा कक्ष निरीक्षकों और प्रधानाचार्य से भी पूछताछ की जा रही है। अब तक की जांच में सामूहिक नकल और कैमरों के बंद होने के आरोपों की पुष्टि नहीं हुई है। प्रशासन ने कहा है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और यदि किसी भी स्तर पर कोई अनियमितता सामने आती है तो संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जनपद पुलिस एवं प्रशासन ने नकलविहीन और पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)